{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Rajasthan Weather : चूरू-कोटा 42°C से ऊपर, 15 शहर 40 से ऊपर, बीकानेर, जैसलमेर, बाड़मेर में भी पारे के तेवर तीखे

तप रहा राजस्थान, 15 शहर 40°C पार, चूरू-कोटा सबसे गरम!

 

RNE Jaipur-Bikaner. 

Rajasthan में गर्मी ने एक बार फिर विकराल रूप ले लिया है। अप्रैल महीने में ही मई-जून जैसे हालात हो गए हैं। प्रदेश के 15 शहरों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जबकि चूरू और कोटा सबसे गर्म इलाके बनकर उभरे हैं, जहां तापमान 42 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान के कई हिस्सों में हीटवेव जैसे हालात बन गए हैं। पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है।

जयपुर, अलवर, धौलपुर, वनस्थली और चित्तौड़गढ़ समेत कई शहरों में भी तापमान 41 डिग्री से ऊपर पहुंच गया है। वहीं पश्चिमी राजस्थान में बाड़मेर, बीकानेर और जैसलमेर जैसे इलाकों में भी तेज गर्मी का असर दिख रहा है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे लू चलने की स्थिति बन सकती है

ये हैं सबसे गरम शहर

कोटा – 42.1°C
चूरू – 42.0°C
चित्तौड़गढ़ – 42.0°C
बाड़मेर – 41.4°C
बीकानेर – 41.0°C
वनस्थली, धौलपुर, अलवर - 41°C 
जैसलमेर, जोधपुर – 40°C

मौसम विभाग की सलाह : 

मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी राजस्थान के कई हिस्सों में उष्ण लहर (हीटवेव) दर्ज की गई। पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क (ड्राई) बना हुआ है। तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है। फिलहाल राहत के आसार कम हैं। आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ सकता है। दिन के समय लू चलने की संभावना, दोपहर में बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है।