Rajasthan Weather : “घनन-घनन घिर आए बदरा… राजस्थान में मौसम का रौद्र राग!
RNE Bikaner-Jaipur.
राजस्थान इस समय आग उगलती गर्मी और बदले मौसम के दोहरे वार से जूझ रहा है। एक ओर पश्चिमी, दक्षिणी और पूर्वी जिलों में तीव्र हीटवेव और उष्ण रात्रियों ने जनजीवन बेहाल कर दिया है, वहीं दूसरी ओर कई जिलों में तेज आंधी, बिजली चमकने और हल्की बारिश की चेतावनी भी जारी की गई है।
मौसम केंद्र जयपुर ने आगामी दिनों को लेकर विशेष अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान 45 से 48 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। पिछले 24 घंटों में बाड़मेर सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 48.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जोधपुर और बीकानेर संभाग में अगले 4 से 5 दिनों तक तीव्र लू और गर्म रातों का असर बना रहने की संभावना जताई गई है।
इसी बीच मौसम विभाग ने बीकानेर, शेखावाटी, जयपुर और भरतपुर संभाग के कुछ हिस्सों में अगले 48 घंटों के दौरान मेघगर्जन, 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी आंधी और हल्की बूंदाबांदी की संभावना भी जताई है। इससे गर्मी से आंशिक राहत मिल सकती है, लेकिन तेज हवाओं और बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा।
मौसम विशेषज्ञों ने बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। किसानों को फसलों और पशुओं को हीट स्ट्रेस से बचाने के लिए अतिरिक्त इंतजाम करने को कहा गया है।