Rajasthan Weather: दो दिन और झुलसाएगी लू, 28-29 मई को होगी तुफानी बारिश
भीषण लू की चपेट में राजस्थान, 47 डिग्री तक पहुंचेगा पारा
RNE Jaipur.
राजस्थान में फिलहाल भीषण गर्मी और लू का दौर जारी रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दो दिनों तक पश्चिमी राजस्थान के कई इलाकों में तापमान 46 से 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है तथा कहीं-कहीं तीव्र हीटवेव की स्थिति बनने की संभावना है। तेज धूलभरी हवाएं भी लोगों की परेशानी बढ़ाएंगी।
मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार वर्तमान में पश्चिमी राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में तापमान 45-46 डिग्री के आसपास बना हुआ है। श्रीगंगानगर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने बताया कि 28 और 29 मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसके प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में तेज आंधी और बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम में बदलाव के चलते तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना जताई गई है।
विभाग का अनुमान है कि जून के पहले सप्ताह तक प्रदेश में आंधी और बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं, जिससे भीषण गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं।
इस बीच फिलहाल राजस्थान भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। मौसम विभाग ने आगामी 3 से 4 दिनों के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी की चेतावनी जारी की है। पश्चिमी राजस्थान के कई जिलों में 26 और 27 मई को अधिकतम तापमान 46 से 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने तथा कहीं-कहीं ‘सीवियर हीटवेव’ की स्थिति बनने की आशंका जताई गई है।
मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार पिछले 24 घंटों में राज्य में हीटवेव, गर्म रातें और धूलभरी हवाएं दर्ज की गईं। सबसे अधिक तापमान श्रीगंगानगर में 46 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान सिरोही में 21.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग ने बताया कि पश्चिमी राजस्थान में वर्तमान में अधिकतम तापमान 45 से 46 डिग्री के बीच बना हुआ है। आने वाले दिनों में शुष्क मौसम के साथ 20 से 30 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज धूलभरी हवाएं चलने की संभावना है। बीकानेर, जयपुर और भरतपुर संभाग के उत्तरी हिस्सों में भी धूलभरी आंधी चल सकती है।
प्रदेश के कई संभागों में तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है। उदयपुर और जोधपुर संभाग में अधिकतम व न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया, जबकि बीकानेर संभाग में अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि भीषण गर्मी का असर बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों पर अधिक पड़ सकता है। लंबे समय तक धूप में रहने या भारी काम करने वाले लोगों में हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ गया है। किसानों को फसलों में नियमित सिंचाई करने और पशुओं को गर्मी से बचाने की सलाह दी गई है।