{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Rajasthan Weather : तापमान में 3–4 डिग्री गिरावट, 18 मार्च से 12 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

 

RNE Jaipur-Bikaner.

राजस्थान में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदल गया है। बीकानेर संभाग सहित पांच जिलों में हल्की बारिश दर्ज की गई, जबकि कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हुई। इससे प्रदेश के कई इलाकों में तापमान में करीब 3 से 4 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई है।

 

India Meteorological Department के जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार पिछले 24 घंटों में अलवर, झुंझुनूं, हनुमानगढ़, बीकानेर और श्रीगंगानगर जिलों में हल्की बारिश दर्ज की गई। वहीं हनुमानगढ़ के संगरिया तथा अलवर जिले के टपूकड़ा क्षेत्र में ओले गिरे। झुंझुनूं, पिलानी और अलवर के कुछ इलाकों से भी बारिश और ओलावृष्टि की खबरें सामने आई हैं।

 

मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल सोमवार और मंगलवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहने की संभावना है। हालांकि 18 मार्च की शाम से एक और मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के आसार हैं, जिसके प्रभाव से मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है।

 

पूर्वानुमान के मुताबिक 18 मार्च को जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ स्थानों पर मेघगर्जन के साथ आंधी और हल्की बारिश हो सकती है। वहीं 19 और 20 मार्च को इस विक्षोभ का असर अधिक रहने की संभावना है। इस दौरान जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर और कोटा संभाग के कई जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है।

 

बीते 24 घंटों में ऐसा रहा मौसम

बीते 24 घंटों में भरतपुर व बीकानेर संभाग के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हुई। इनमें टपूकड़ा (अलवर) में 1.0 मिमी और श्रीगंगानगर में 0.6 मिमी बारिश दर्ज हुई। तापमान के लिहाज से देखें तो सबसे अधिक तापमान चित्तौड़गढ़ में 38.6°C दर्ज किया गया। इसी तरह पश्चिमी राजस्थान में 37.8°C के साथ बाड़मेर सबसे गरम शहर रहा। सबसे कम तापमान फतेहपुर में 11.7°C दर्ज हुआ। बीकानेर में अधिकतम का तापमान 34.6°C और न्यूनतम 17.0°C रहा।