Rajasthan Weather : 60-70 किमी रफ्तार से हवा चलेगी, अंधड़-ओलों का अलर्ट
RNE Jaipur.
राजस्थान में भीषण गर्मी से राहत का दौर अभी जारी रहेगा। मौसम विभाग ने 3 और 4 जून को प्रदेश के कई जिलों में तेज अंधड़, मेघगर्जन, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। एक सक्रिय परिसंचरण तंत्र और नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।
मौसम केंद्र जयपुर की विशेष प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार वर्तमान में उत्तर-पश्चिम भारत के ऊपर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और अन्य मौसमीय प्रणालियों के कारण राजस्थान के अनेक हिस्सों में मौसम अस्थिर बना हुआ है।
आज भी कई संभागों में बारिश और अंधड़ :
मौसम विभाग ने बताया कि 3 जून को बीकानेर, जयपुर, जोधपुर, अजमेर, भरतपुर, कोटा और उदयपुर संभाग के कुछ क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी, मेघगर्जन और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी हो सकती है।
4 जून को और बिगड़ेगा मौसम :
विभाग के अनुसार 4 जून को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से मौसम गतिविधियों में और तेजी आएगी। बीकानेर, जोधपुर, जयपुर, भरतपुर, अजमेर, उदयपुर और कोटा संभाग के कई क्षेत्रों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से अंधड़ चलने, मध्यम से तेज बारिश होने तथा प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में ओलावृष्टि की प्रबल संभावना है।
हीटवेव से मिलेगी राहत :
मौसम विभाग का कहना है कि अंधड़ और बारिश की गतिविधियों के प्रभाव से आगामी एक सप्ताह तक अधिकांश क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहने की संभावना है। इससे लोगों को लू और भीषण गर्मी से राहत मिलेगी।
मौसम विभाग की एडवाइजरी :
मौसम विभाग ने लोगों को तेज हवाओं के दौरान घरों के अंदर रहने, बिजली के खंभों, ढीले तारों, बड़े पेड़ों और होर्डिंग्स से दूर रहने की सलाह दी है। किसानों को फसलों और पशुओं की सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम करने को कहा गया है।
प्रमुख चेतावनी :
* 3 जून: अंधड़, मेघगर्जन और बारिश
* 4 जून: 60-70 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज अंधड़
* कई जिलों में ओलावृष्टि की संभावना
* अगले एक सप्ताह तक हीटवेव से राहत के आसार