{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Haryana Weather : हरियाणा में आठ जिलों में होगी बारिश, 21 अगस्त तक लगातार बारिश की संभावना 

मौसम विभाग के अनुसार हरियाणा में 21 अगस्त तक अलग-अलग जिलों में बारिश की संभावना है।
 

हरियाणा में मानसून फिर से सक्रिय हो गया है। मानसून की बारिश प्रदेशभर में अगले कई दिन तक जारी रहेगी। मौसम विभाग के अनुसार हरियाणा में 21 अगस्त तक अलग-अलग जिलों में बारिश की संभावना है। शनिवार को भी प्रदेश के 11 जिलों में बारिश हुई।

मौसम विभाग के अनुसार रविवार को प्रदेश के आठ जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा प्रदेश के दूसरे जिलों में भी बारिश की संभावना है, लेकिन आठ जिलों में तेज बारिश के चलते येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार रविवार को रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, नूंह, पलवल, कुरुक्षेत्र, कैथल, जींद, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, रोहतक, चरखी दादरी, झज्जर और सिरसा में बारिश की संभावना है। मानसून सक्रिय होने के बाद प्रदेश में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। 

हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डा. मदन खीचड़ ने बताया कि मानसून टर्फ अब जैसलमेर, जोधपुर, कोटा, गुना, जबलपुर, रायपुर, दक्षिणी उड़ीसा होता हुआ बंगाल की खाड़ी तक बना हुआ है।

एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन जम्मू-कश्मीर पर बने होने और अरब सागर से भी नमी वाली हवाएं हरियाणा राज्य की तरफ बढ़ने की संभावना से मानसून की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना है। इससे राज्य में 17 से 19 अगस्त के दौरान राज्य के ज्यादातर क्षेत्रों में हवाओं व गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना है। इस दौरान कुछ एक स्थानों पर तेज वर्षा की संभावना है।

परंतु 20 व 21 अगस्त को राज्य के उत्तरी व दक्षिणी हरियाणा के जिलों में कहीं-कहीं हल्की वर्षा तथा पश्चिमी हरियाणा के जिलों में कहीं-कहीं छिटपुट बूंदाबांदी या हल्की वर्षा संभावित है। इस दौरान बीच-बीच में ज्यादातर क्षेत्रों में बादलवाई तथा वातावरण में नमी बढ़ने तथा तापमान में हल्की गिरावट रहने की संभावना है।

हरियाणा के इन जिलों में येलो अलर्ट जारी 

मौसम विभाग की तरफ से हरियाणा के आठ जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसमें पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, करनाल, पानीपत, सोनीपत, गुरुग्राम और फरीदाबाद जिला शामिल है। इसमें तेज बारिश की संभावना है।