{"vars":{"id": "127470:4976"}}

weather update : हरियाणा में फिर सर्दी  देगी दस्तक, तीन दिन तेज हवा के साथ होगी बारिश 

पश्चिम विक्षोभ सक्रिय होने से 17 से 19 फरवरी के बीच बदलेगा मौसम
 

हरियाणा में इन दिनों तापमान बढ़ने के कारण गर्मी का अहसास होने लगा है, लेकिन अभी पूरी तरह से सर्दी नहीं गई है। एक बार फिर से मौसम में बदलाव के चलते हरियाणा में सर्दी होने वाली है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिम विक्षोभ सक्रिय होने से तीन दिन तक हरियाणा के अधिकतर जिलों में तेज हवा के साथ हल्की बारिश होगी। ऐसे में बारिश के साथ तेज हवा चलने के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी और लोगों को फिर से ठंड का अहसास होने लगे। 

मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन का कहना है कि 17 फरवरी को एक नया पश्चिमी विक्षोभ पर्वतीय क्षेत्रों में सक्रिय होगा। हरियाणा के 30 से 40 प्रतिशत हिस्सों में 17 से 19 फरवरी के बीच तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी की संभावना है। यह मौसमी प्रणाली आगे निकलेगी, एक बार फिर दिन और रात के बढ़े हुए तापमान में हल्की गिरावट संभव है।

हरियाणा के अधिकतर जिलों में अब ठंड के तेवर ढीले पड़ने लगे हैं। कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है और धीरे-धीरे तापमान में उछाल दर्ज किया जा रहा है।

मौसम विशेषज्ञों की मानें तो अब शीत ऋतु की विदाई लगभग तय है और बसंत की बहार के साथ सुहावने मौसम ने दस्तक दे दी है। जिले में सुबह और शाम के समय अभी गुलाबी ठंड का असर दिखता है, दिन के समय तेज धूप खिल रही है। आने वाले 3-4 दिन में तापमान में और बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।

वर्तमान में जिले का मौसम शुष्क बना हुआ है। प्रदेश के अधिकतर स्थानों पर रात का पारा 9.0 से 12.5 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। दिन और रात, दोनों ही समय तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है। शहर का अधिकतम तापमान सामान्य से 2.2 डिग्री व न्यूनतम तापमान 1 डिग्री सेल्सियस अधिक रिकॉर्ड किया गया।