{"vars":{"id": "127470:4976"}}

आंधी लाई मेह : बीकानेर में लगातार चौथे दिन बरसे बादल, अब फिर बढ़ेगी गर्मी

 
RNE Bikaner.
बीकानेर में लोक कहावत "आंधी लारै आवै मेह" इन दिनों पूरी तरह सच साबित हो रही है। जिले में शनिवार को लगातार चौथे दिन पहले धूलभरी तेज आंधी चली और उसके बाद कई क्षेत्रों में बारिश दर्ज की गई। मौसम के इस बदले मिजाज से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली, वहीं तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई।
शनिवार दोपहर बाद अचानक आसमान में धूल का गुबार छा गया और तेज हवाएं चलने लगीं। इसके कुछ देर बाद शहर और आसपास के इलाकों में बारिश शुरू हो गई। पिछले चार दिनों से बीकानेर में लगभग यही मौसमीय क्रम देखने को मिल रहा है, जिससे मरुस्थलीय क्षेत्र में मौसम सुहावना बना हुआ है।
मौसम विभाग ने पहले ही बीकानेर सहित राजस्थान के कई जिलों में आंधी और बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया था। विभाग के अनुसार बीकानेर, चूरू, सीकर, झुंझुनूं, हनुमानगढ़, जयपुर, टोंक, कोटा और सवाई माधोपुर सहित कई जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बारिश होने की संभावना जताई गई थी। 

मौसम केंद्र जयपुर के ताजा बुलेटिन के अनुसार राज्य के विभिन्न हिस्सों में अगले दो-तीन दिन तक आंधी और बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है, लेकिन 8 जून से इन गतिविधियों में कमी आएगी और तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।
पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्रों में 8 से 11 जून के दौरान अधिकतम तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने और हीटवेव चलने की संभावना भी जताई गई है। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि वर्तमान में सक्रिय परिसंचरण तंत्र के कारण प्रदेश में आंधी-बारिश का दौर बना हुआ है, लेकिन इसके कमजोर पड़ते ही एक बार फिर गर्मी का प्रकोप बढ़ सकता है। ऐसे में लोगों को आने वाले दिनों में तेज गर्मी और लू से बचाव के लिए सतर्क रहने की सलाह दी गई है। 
ऐसे में कहा जा सकता है कि चार दिनों से लगातार आंधी और बारिश ने बीकानेर को गर्मी से राहत दी है, लेकिन मौसम विभाग का संकेत है कि यह राहत ज्यादा लंबी नहीं रहने वाली। अगले सप्ताह से मरुधरा में फिर तपिश बढ़ने के आसार हैं।