Haryana weather : हरियाणा के इन जिलों में होगी तुफानी बारिश, 50 किमी की रफ्तार से आएगी आंधी
हरियाणा के प्रत्येक जिले में 11 से 13 मई के बीच मौसम फिर बदलेगा। हल्की बारिश, बूंदाबांदी की संभावना है। 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। आंधी-अंधड़ भी आ सकता है। 15 मई के बाद गर्मी धीरे-धीरे तीखे तेवर दिखाएगी।
मई की शुरूआत से इलाके में मौसम लगातार बदल रहा है। तेज हवाओं के साथ ही अंधड़, हल्की बारिश, बूंदाबांदी हुई। तापमान में गिरावट बनी रही। हवाओं की दिशा, पैटर्न में भी बदलाव जारी है। अब बंगाल की खाड़ी से दक्षिण-पूर्वी हवाएं चल रही हैं। जिससे दिन और रात का तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है।
अगले 24 से 48 घंटे में फिर बदलाव के आसार हैं। बैक टू बैक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहे। इससे मई की गर्मी, हीट वेव के तेवर ढीले पड़े। बढ़ते तापमान पर भी रोक लगी। रविवार को क्षेत्रीय कृषि अनुसंधान केंद्र बावल में लगे आईएमडी के ऑटोमेटिक वेदर स्टेशन पर दिन का तापमान 36.2 डिग्री पर पहुंच गया, जबकि रात का न्यूनतम पारा 23.7 डिग्री दर्ज किया गया।
नए विक्षोभ से मौसम बन रहा परिवर्तनशील
अब कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के असर से कहीं-कहीं आंशिक बादल दिख रहे हैं। तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी भी हो रही है। नया पश्चिमी विक्षोभ रविवार की रात को उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों में सक्रिय हुआ। पंजाब के मध्य हिस्सों पर चक्रवातीय सर्कुलेशन बनने से अरब सागर, बंगाल की खाड़ी से नमी मिलेगी। इससे 11 से 13 मई के दौरान हल्की बारिश, बूंदाबांदी हो सकती है।
इस सिस्टम से तापमान में ज्यादा गिरावट नहीं होगी। इस दौरान आंधी-अंधड़ की संभावना ज्यादा है। यह विक्षोभ 14 मई को आगे निकल जाएगा। इसके बाद मैदानी इलाकों में पश्चिमी गर्म, मरुस्थलीय, शुष्क हवाएं चलेंगी। नमी धीरे-धीरे कम होगी। क्षेत्र में गर्मी, हीट वेव, लू का दौर शुरू होने की संभावना है।
दिन और रात के तापमान में उफान आएगा। मई के पहले पखवाड़े में तापमान सामान्य या सामान्य से नीचे रहेगा। दूसरे पखवाड़े में तापमान सामान्य से ऊपर जाएगा। कुछ जगह हीट वेव, लू ज्यादा तेज हो सकती है।