{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Haryana Rain Alert : हरियाणा में आज रात से मौसम में बदलाव होगा, नया पश्चिमी विक्षोभ होगा सक्रिय 

 

फरवरी महीने की तरह मार्च में भी मौसम का मिजाज लगातार बदलता रहेगा। गर्मी ने धीरे-धीरे दस्तक देनी शुरू कर दी है। आज से एक बार फिर से मौसम में बदलाव दिखाई देगा। एक नया पश्चिमी विक्षोभ 4 मार्च की रात से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय हो जाएगा जिसके कारण राज्य में बादल छाए रहेंगे। वहीं उत्तरी जिलों में कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी की होने की भी संभावना है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार मार्च के पहले सप्ताह में अधिकतम तापमान में 2-5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। बता दें कि मौसम में फरवरी की भांति मार्च में भी उलटफेर देखने को मिलेगा क्योंकि इस पूरे महीने में कुल 5 से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। मार्च में पहले पखवाड़े के पहले सप्ताह में तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।

दूसरे सप्ताह में 8 व 9 मार्च को सक्रिय पश्चिमी मौसम प्रणाली से तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी जबकि दूसरे पखवाड़े में तापमान में उतार चढ़ाव रहेगा। पहले सप्ताह में तापमान में 2 से 5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। इसके बाद तापमान में कोई खास बदलाव होने की उम्मीद कम है। भिवानी जिला में अधिकतम तापमान अभी से 32.0 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है जिससे दिन में तेज गर्मी का अहसास हो रहा है।

वहीं न्यूनतम तापमान 15.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में 1.2 डिग्री रिकार्ड किया गया। वर्तमान में भिवानी जिला में मौसम शुष्क बना हुआ है। दिन और रात दोनों के तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किए जा रहे हैं। रात्रि का तापमान 14.0-16.0 डिग्री सेल्सियस वहीं दिन का तापमान 30.0 से 32.7 डिग्री सेल्सियस के बीच चल रहा है।

पूरे महीने जारी रहेगा पारे में उतार-चढ़ाव का दौर 

पर्यावरणविद् व मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि मार्च माह में सक्रिय होने वाले इन पश्चिमी विक्षोभों में से कम से कम तीन सिस्टम द्वारा तेज गति की हवाओं और आंधी के साथ हरियाणा, एनसीआर और दिल्ली में हल्की बारिश या बूंदाबांदी की प्रबल संभावना बन रही है। इनकी वजह से पूरे महीने मौसम में बदलाव और तापमान में उतार-चढ़ाव का दौर जारी रहेगा।