Weather News : पहाड़ों में जबरदस्त बर्फबारी से ठंड बढ़ी, राजस्थान में लू के हालात!
RNE Uttarakhand-Rajasthan.
देश में मौसम ने हैरान करने वाली करवट बदली है। उत्तराखंड के पहाड़ों में एक बार फिर तेज बारिश और बर्फबारी शुरू हो गई है। ऐसे में वहां गरमी के बाद फिर से कंपकम्पाने वाली ठंड शुरू हो गई है। खासतौर पर चारधाम यानी बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोतरी, यमुनोतरी में तापमान माइनस 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।
दूसरी ओर राजस्थान में लू जैसे हालात बन रहे हैं। बीते 24 घंटे में सबसे ज्यादा 40 डिग्री तापमान पिलानी में दर्ज किया गैया। इससे पहले बाड़मेर में पारा 40 से ऊपर पहुँच चुका है। सोमवार को भी बीकानेर, जोधपुर में तापमान ने 39 डिग्री सेल्सियस का आंकड़ा छू लिए। पश्चिमी राजस्थान के दूसरे हिस्सों में भी गर्मी भीषण रूप ले रही है।
उत्तराखंड में बर्फबारी-बारिश :
उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट बदलने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक उत्तरकाशी, पिथौरागढ़ और चमोली जिलों के ऊपरी क्षेत्रों में गर्जना के साथ हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना बनी हुई है। इससे पर्वतीय इलाकों में ठंडक बनी रहेगी।
चारधाम क्षेत्र की बात करें तो बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में लगातार बर्फबारी होने से तापमान माइनस 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है। तेज हवाओं के साथ हो रही बर्फबारी से पहाड़ों में ठंड और बढ़ सकती है। मौसम विभाग के निदेशक डॉ. सी. एस. तोमर का कहना है कि इस बदलाव से कुछ दिनों तक गर्मी से राहत मिल सकती है।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक का कहना है कि प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों, खासकर 4000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी की संभावना बनी हुई है, जबकि निचले पर्वतीय क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। जबकि, मैदानी जिलों में मौसम पूरी तरह साफ बना हुआ है। मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। धूप निकलने से दिन के तापमान में करीब एक डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई है, जबकि न्यूनतम तापमान में लगभग छह डिग्री सेल्सियस का इजाफा हुआ है।
तपने लगा राजस्थान, पिलानी में पारा 40.2, हीटवेव की चेतावनी :
राजस्थान में मार्च की शुरुआत के साथ ही गर्मी ने तेज तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। राज्य के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान 36 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है, जो सामान्य से 5 से 10 डिग्री अधिक है। पिछले 24 घंटों में सर्वाधिक अधिकतम तापमान पिलानी में 40.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के अधिकांश भागों में न्यूनतम तापमान 15 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है, जो सामान्य से 2 से 6 डिग्री अधिक है। बीते 24 घंटों में सर्वाधिक न्यूनतम तापमान जयपुर में 22.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 7 डिग्री अधिक है।
मौसम विभाग का कहना है कि राज्य के अधिकांश हिस्सों में आगामी एक सप्ताह तक मौसम शुष्क बना रहेगा। अगले 48 घंटों में अधिकतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने की संभावना है। विभाग के अनुसार अगले दो से तीन दिनों में अधिकांश क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। वहीं 9 से 11 मार्च के दौरान राज्य के कुछ हिस्सों में हीटवेव चलने की संभावना जताई गई है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक राज्य के अधिकांश भागों में अगले तीन से चार दिनों तक तापमान सामान्य से 5 से 9 डिग्री अधिक बना रहेगा। हालांकि 11 से 12 मार्च के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट आने की संभावना है।