Weather Rajasthan: बीकानेर-जोधपुर में आंधी-बारिश का अलर्ट
29-31 मार्च के बीच सबसे ज्यादा असर, 40-50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से आंधी और कई जिलों में बारिश की संभावना
RNE Bikaner - Jaipur.
राजस्थान में गर्मी के बीच मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने 28 मार्च से नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने का अलर्ट जारी किया है, जिसके प्रभाव से बीकानेर सहित प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी, मेघगर्जन और बारिश की गतिविधियां तेज होंगी।
मौसम विभाग के अनुसार 27 मार्च को जयपुर और भरतपुर संभाग के जिलों में दोपहर बाद कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश और आंधी चल सकती है, जबकि शेष प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा।
28 मार्च से पश्चिमी राजस्थान भी इसके प्रभाव में आएगा। जोधपुर, बीकानेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र में दोपहर बाद आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है।
विभाग के अनुसार 29 से 31 मार्च के बीच इस सिस्टम का सर्वाधिक असर देखने को मिलेगा। इस दौरान जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर, उदयपुर और कोटा संभाग के कई इलाकों में तेज मेघगर्जन, 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने अप्रैल के पहले सप्ताह में भी लगातार पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहने के संकेत दिए हैं, जिससे प्रदेश के पश्चिमी और उत्तरी हिस्सों में मौसम का यह बदलाव जारी रह सकता है।
किसानों के लिए चेतावनी :
मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि पकी हुई फसल, मंडियों में खुले में रखे अनाज और जिंसों को सुरक्षित स्थान पर रखें या ढक दें, ताकि संभावित बारिश और आंधी से नुकसान से बचा जा सके।