Weather update : पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से हरियाणा व पंजाब में अगले पांच दिन बारिश की संभावना
आज और कल बारिश की संभावना 5 अक्टूबर से पश्चिमी विक्षोभ का दिखेगा असर
हरियाणा में अलग-अलग जिलों में बिखराव वाली बारिश के बाद दिन के तापमान में गिरावट आई है। दिन का तापमान सामान्य से नीचे चला गया। रात का पारा सामान्य से ऊपर है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार वीरवार को अधिकतम तापमान 35.0 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 1.2 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा है। न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 0.7 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि 4 अक्टूबर से उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसके साथ 5 से 7 अक्टूबर के दौरान पश्चिमी हिमालय क्षेत्र और उत्तर पश्चिम में आसपास के मैदानी इलाकों को प्रभावित करने की संभावना है। मौसम विशेषज्ञों ने इसको लेकर चेतावनी जारी की है।
उनका कहना है कि 3 से 4 अक्टूबर के दौरान हरियाणा और पंजाब में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। इसके बाद एक पश्चिमी विक्षोभ 5 से 7 अक्टूबर के दौरान सक्रिय होगा। इस दौरान गरज-चमक जैसी गतिविधियां संभावित हैं। 5 अक्टूबर को हरियाणा-पंजाब और चंडीगढ़ में कई स्थानों पर और 6 अक्टूबर को अधिकांश स्थानों पर हल्की मध्यम गति की बारिश की संभावना है।
कृषि विशेषज्ञों के अनुसार अगर इस समय बारिश होती है तो धान के साथ अन्य फसलों को काफी नुकसान होने वाला है। फिलहाल बाजरे की कटाई चल रही है। ऐसे में अगर अब बारिश होती है तो बाजरे के दाने काले पड़ने की संभावना है, लेकिन अगले पांच दिन किसानों के लिए भारी पड़ने वाले है। हालांकि इस बारिश के बाद से अचानक ही मौसम में बदलाव हो जाएगा और सुबह व शाम के समय सर्दी का अहसास होना शुरू हो जाएगा। हालांकि दशहरे के दिन भी राज्य के कई जिलों में हल्की बारिश हुई।