{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Weather Update : राजस्थान पर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन से बदला हरियाणा के मौसम का मिजाज, फिर सक्रिय होगा मानसून 

पश्चिमी हवाओं के चलने से उमस भरी गर्मी से राहत मिलना शुरू हो गया है। 14 सितंबर से एक बार फिर से मानसूनी बादल छा सकते हैं। जो हल्की से मध्यम बारिश कर सकते हैं
 

राजस्थान पर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन से मौसम ने करवट ले ली है। पश्चिमी हवाओं के चलने से उमस भरी गर्मी से राहत मिलना शुरू हो गया है। 14 सितंबर से एक बार फिर से मानसूनी बादल छा सकते हैं। जो हल्की से मध्यम बारिश कर सकते हैं। वहीं, 20 सितंबर से मानसून की विदाई होना शुरू हो जाएगी।

पंजाब की ओर से आए पश्चिमी विक्षोभ और मानसून टर्फ रेखा हिमाचल की तरफ होने से सितंबर के पहले चार दिन जमकर बारिश हो गई। दो सितंबर की रात से शुरू हुई मूसलाधार बारिश तीन सितंबर की दोपहर करीब 12 बजे बंद हुई थी। इस दौरान 106 एमएम बारिश दर्ज की गई थी। इसके बाद पांच सितंबर को फिर से अच्छी बारिश हो गई। इन दिनों हुई बारिश से सितंबर में नवंबर माह की ठंडक का अहसास दिलवा दिया है।

दिन का तापमान 25 डिग्री तक पहुंच गया था। वहीं, रात का तापमान भी 17 डिग्री तक आ गया था। 6 सितंबर से बादलों की विदाई के साथ ही फिर से बंगाल की खाड़ी से नमी वालीं हवाओं का चलना शुरू हो गया था। इस कारण फिर से उमस ने परेशान करना शुरू कर दिया था। दिन में धूप खिलने से लोग पसीने-पसीने हो गए।

सोमवार की रात राजस्थान पर साइक्लोनिक सर्कुलेशन बन जाने से हवाओं की दिशा में बदलाव आ गया। बुधवार की सुबह से हवाओं की दिशा पश्चिमी हो गई। इसके साथ ही हवाओं की रफ्तार बढ़कर 12 से 15 किमी प्रतिघंटा भी हो गई। इस वजह से उमस कम होना शुरू हो गया है। गुरुवार की सुबह भी तेज रफ्तार में हवाएं चलती रहीं। वहीं, दिन भर बादलों की आवाजाही जारी रही।

गुरुवार को अधिकतम तापमान 33.0 डिग्री रहा। वहीं, रात के तापमान में 1.5 डिग्री की गिरावट आ गई। रात का तापमान 25.1 डिग्री रहा। आगे क्या, दो दिन स्थिर रह सकता है मौसम आईएमडी के अनुसार अगले दो दिनों तक मौसम स्थिर रह सकता है। पंजाब की ओर से आ रहे पश्चिमी विक्षोभ के असर के कारण 14 सितंबर से मौसम में बदलाव आ सकता है। इससे हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।