{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Weather : तपते उत्तरी भारत में पश्चिमी विक्षोभ करेगा मौसम का मिजाज ठंडा, राजस्थान-दिल्ली समेत कई राज्यों में आंधी और बारिश की संभावना

श्रीगंगानगर सबसे गर्म, बीकानेर, चूरू, जैसलमेर, फलोदी में भी आग उगलती गर्मी 

 

RNE New Delhi-Jaipur. 

उत्तर भारत इस समय भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। राजस्थान, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब के कई शहरों में तापमान 45 से 48 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच गया है। राजस्थान का श्रीगंगानगर  48.2 डिग्री सेल्सियस के साथ देश का सबसे गर्म शहर रहा। वहीं बांदा, रोहतक, खजुराहो, बीकानेर, चूरू, जैसलमेर और फलोदी जैसे शहर भी आग उगलती गर्मी से झुलसते रहे।

हालांकि मौसम विभाग ने अब राहत के संकेत दिए हैं। विभाग के अनुसार 28 मई की रात से उत्तर-पश्चिम भारत में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसके प्रभाव से अगले दो से तीन दिनों में मौसम तेजी से बदल सकता है। दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में तेज हवाएं, धूलभरी आंधी और गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक कई इलाकों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इस प्री-मानसून गतिविधि के कारण तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने के आसार हैं, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और लू से राहत मिल सकती है।

राजस्थान में श्रीगंगानगर, बीकानेर, चूरू, जैसलमेर और फलोदी जैसे शहर लगातार 46 से 48 डिग्री तापमान झेल रहे हैं। हरियाणा का रोहतक 46.9 डिग्री के साथ तपता रहा, जबकि उत्तर प्रदेश में बांदा, प्रयागराज, हमीरपुर, कानपुर और झांसी में पारा 46 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया। मध्य प्रदेश के खजुराहो और नौगांव भी भीषण गर्मी की चपेट में रहे। महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में भी नागपुर, वर्धा और अमरावती जैसे शहरों में तेज गर्मी बनी हुई है।

27 मई को देश के सबसे गर्म शहर : 

* श्रीगंगानगर (राजस्थान) — 48.2°C
* बांदा (उत्तर प्रदेश) — 47.8°C
* वर्धा (महाराष्ट्र) — 47.1°C
* रोहतक (हरियाणा) — 46.9°C
* खजुराहो (मध्य प्रदेश) — 46.6°C
* नागपुर (महाराष्ट्र) — 46.6°C
* नौगांव (मध्य प्रदेश) — 46.6°C
* अमरावती (महाराष्ट्र) — 46.4°C
* चंद्रपुर (महाराष्ट्र) — 46.2°C
* हमीरपुर (उत्तर प्रदेश) — 46.2°C

मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय धूप में निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और लू से सावधानी बरतने की सलाह दी है। विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के बाद उत्तर भारत में गर्मी का मौजूदा दौर कमजोर पड़ सकता है और जून के पहले सप्ताह में मौसम अपेक्षाकृत सामान्य होने लगेगा।

भीषण गर्मी पर PM मोदी की अपील :

भीषण गर्मी और लू के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से सतर्क रहने और जरूरी सावधानियां अपनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बढ़ते तापमान के बीच पर्याप्त पानी पीना, बाहर निकलते समय पानी साथ रखना और जरूरतमंदों की मदद करना बेहद जरूरी है।

प्रधानमंत्री ने लोगों को चक्कर आना, थकान, मतली और सिरदर्द जैसे हीटवेव के लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि अस्वस्थ व्यक्ति को तुरंत ठंडी जगह पर ले जाकर पानी और ओआरएस देना चाहिए, क्योंकि लापरवाही हीटस्ट्रोक का कारण बन सकती है।

PM मोदी ने खासतौर पर बच्चों, बुजुर्गों और धूप में काम करने वाले लोगों का ध्यान रखने की अपील की। साथ ही उन्होंने नागरिकों से पशु-पक्षियों के लिए घरों और दफ्तरों के बाहर पानी रखने का भी आग्रह किया।

CM भजनलाल ने प्रदेशवासियों से सावधानी बरतने को कहा: 

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेशवासियों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने लोगों से पर्याप्त पानी पीने, धूप में अनावश्यक बाहर नहीं निकलने और बच्चों, बुजुर्गों व बीमार लोगों का विशेष ध्यान रखने को कहा है।

मुख्यमंत्री ने प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की एडवाइजरी का पालन करने की सलाह देते हुए सामाजिक सहयोग की भावना दिखाने का भी आह्वान किया। उन्होंने सार्वजनिक स्थानों पर प्याऊ और छांव की व्यवस्था करने तथा पशु-पक्षियों के लिए दाना-पानी रखने की अपील की।