Western disturbance active : पश्चिमी विक्षोभ के चलते 13 दिसंबर को मौसम लेगा करवट, तापमान में पड़ेगा असर
दिसंबर के आ रहे दूसरे पश्चिमी विक्षोभ के कारण 13 दिसंबर से हरियाणा में मौसम करवट ले सकता है। इसके असर के कारण घना कोहरा भी छा सकता है। दिन के साथ-साथ रात के तापमान में तेजी से गिरावट आएगी। शीतलहरें भी परेशानी कर सकती हैं। मंगलवार को ही दिन के तापमान में 1.1 डिग्री और रात के पारे में 1 डिग्री की गिरावट आ गई।
बंगाल की खाड़ी पर बने निम्न दबाव के असर के कारण तीन दिन पहले हवाओं की दिशा बदलकर पूर्वी-उत्तरी हो गई थी। इसके साथ ही हवाओं की रफ्तार भी 12 से 15 किमी प्रति घंटा हो गई थीं। इससे दिन व रात के तापमान में बढ़ोतरी हो गई थी। मंगलवार की सुबह तेज रफ्तार में हवाएं चलती रहीं। सुबह हल्का कोहरा भी छाया रहा।
हवाओं के चलने से प्रदूषण में सुधार हो गया। 5 दिन बाद मंगलवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक 114 से गिरकर 99 अंक के साथ ग्रीन जोन में आ गया। मंगलवार को अधिकतम तापमान 23.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10.9 डिग्री दर्ज किया गया।
आईएमडी के अनुसार पंजाब की ओर से आ रहे पश्चिमी विक्षोभ के कारण मैदानी इलाकों में नमी बढ़ सकती है। इस कारण सुबह व शाम को घना कोहरा छाने की भी संभावना बन रही है। दिन व रात का तापमान गिरकर अपने न्यूनतम स्तर को भी छू सकता है। तापमान में गिरावट व धुंध छाने के चलते गेहूं की फसल के लिए फायदेमंद माना जा रहा है।
ऐसे में धुंध छाने के चलते वाहन चालकों को परेशानी होगी। हालांकि पश्चिम विक्षोभ के चलते बारिश की संभावना नहीं है, केवल हरियाणा में नमी की हवा आने के चलते गहरी धुंध छाने की संभावना है। मौसम विभाग की तरफ से 13 दिसंबर के आसपास हरियाणा के अधिकतर जिलों में गहरी धुंध छाने की संभावना जताई है।