{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Haryana weather : पश्चिमी विक्षोभ से हरियाणा, एनसीआर और दिल्ली का बदलेगा मौसम, इन क्षेत्र में होगी बारिश 

उत्तर-पश्चिमी सर्द हवाओं के प्रभाव से दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई
 

हरियाणा, एनसीआर और दिल्ली में मौसम में फिर से बदलाव आने वाला है। फिलहाल भी मौसम में बदलाव बना हुआ है। सुबह धुंध छा रही है और दोपहर 11 बजे के बाद तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। जबकि रातें अब भी ठिठुरन का अहसास करा रही हैं। हाड़ कंपाने वाली ठंड के तेवर कुछ ढीले पड़े हैं, पर शीतलहर की छाया अभी पूरी तरह विदा नहीं हुई है।

आइएमडी सब सेंटर, पर्यावरण क्लब राजकीय महाविद्यालय नारनौल में प्रोफेसर व नोडल अधिकारी डा. चंद्रमोहन ने बताया में कि वर्तमान परिदृश्य में विशेषकर हरियाणा-एनसीआर-दिल्ली वर्षा का सिलसिला थमा हुआ है। छह और नौ फरवरी को दो कमजोर पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों पर सक्रिय होने के संकेत हैं। इनके प्रभाव से 5-6 फरवरी तथा 9-10 फरवरी के दौरान पहाड़ी इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना बन रही है। मौसम मानचित्रों के विश्लेषण के अनुसार ये प्रणालियां मैदानी क्षेत्रों में पहुंचते-पहुंचते जाएंगी। कमजोर पड़ जाएगी। 

मैदानी क्षेत्रों में हल्का असर

इन कमजोर पश्चिमी विक्षोभों के कारण हरियाणा-एनसीआर-दिल्ली में कहीं-कहीं आंशिक बादलवाही के सिवाय कोई बड़ा बदलाव नहीं दिखेगा। उत्तर-पश्चिमी शुष्क हवाओं की सक्रियता से वातावरण की नमी में कमी आई है। फरवरी के पहले पखवाड़े में ठंड अपने रंग दिखाती रहेगी, लेकिन दूसरे पखवाड़े की शुरुआत के साथ ही दिन और रात दोनों तापमानों में धीरे-धीरे बढ़ोतरी के संकेत हैं।

हिसार के मौसम का मिजाज

जिला हिसार में मौसम शुष्क रहते हुए भी गतिशील बना हुआ है। उत्तर-पश्चिमी सर्द हवाओं के प्रभाव से दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। सुबह के समय तेज हवाओं के कारण धुंध और कोहरा जल्दी हट गया। आज हिसार में न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस तथा अधिकतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से क्रमश: 3.8 और 0.7 डिग्री सेल्सियस कम है। वहीं जिला महेंद्रगढ़ में मौसम सामान्यतः शुष्क बना हुआ है।