Skip to main content

अनुपम खैर ने किया ट्वीट “नोटों पर गांधीजी की जगह मेरी फोटो! लो कर लो बात !!

  • अहमदाबाद के व्यापारी से ठगी : 2100 ग्राम सोने के बिस्किट के बदले अनुपम खैर के फोटो वाले नोट दे गये

RNE Network. Gujrat.

गुजरात के अहमदाबाद से एक चौंकाने वाली बड़ी खबर आई है। यहां एक सोने के व्यापारी को ठगों ने लगभग 1.60 करोड़ का चूना लगा दिया। धोखा भी इतने सफाई से और हैरानी वाला दिया है कि कुछ ही देर में पूरे देश में इसकी चर्चा शुरू हो चुकी है।

दरअसल गुजरात में नकली नोटों से असली सोना खरीदने के फ्रॉड का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। ये नकली नोट एक सराफा व्यापारी मेहुल ठक्कर के पास से जब्त किए गए हैं। व्यापारी ने बताया कि उन्हें एक करोड़ 30 लाख रुपए की यह कैश रकम एक व्यक्ति ने सोने के 2100 ग्राम बिस्किट खरीदने के एवज में दी थी। जब मशीन से रुपयों की गिनती की जाने लगी तो इन नोटों के नकली होने का पता चला। नोटों पर महात्मा गांधी की जगह बॉलीवुड एक्टर अनुपम खेर की तस्वीर छपी हुई है। वहीं, रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया की जगह पर रिसोल बैंक ऑफ इंडिया लिखा हुआ है। पुलिस ने अज्ञात तीन युवकों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस जांच में जुटी है कि इसके पीछे का मास्टरमाइंड कौन है और इन नोटों की छपाई कहां पर हुई ?

किससे, कैसे, कहां हुई ठगी !

व्यापारी मेहुल ठक्कर की माणेक चौक में ज्वेलरी शॉप है। एक परिचित ज्वेलरी शॉप के मैनेजर ने उन्हें फोन किया कि एक पार्टी 2100 ग्राम सोने के बिस्किट खरीदना चाहती है। इस तरह 1.60 करोड़ रुपए में यह सौदा तय हो गया।

अगले दिन ठक्कर के पास फोन आया कि अर्जेंट डिलीवरी की जरूरत है। ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर नहीं होंगे, कैश देंगे। ऐसे में 2100 ग्राम सोने के बिस्किट देकर कर्मचारी को पार्टी के पास भेज दिया। कर्मचारी भरत जोशी ने बताया कि वहां तीन व्यक्ति बैठे हुए थे। वहां भी वे फर्नीचर की डील कर रहे थे। जब भरत जोशी वहां पहुंचे तो सरदार की भेष में बैठे एक व्यक्ति ने उनसे कहा कि उसी ने सोने के डील की है।

उसने भरत जोशी 1.30 करोड़ रुपए का नोटों से भरा बैग को दे दिया और कहा कि मेरे साथी बाकी के 30 लाख रुपए लेकर आ रहे हैं। इसके बाद दो व्यक्ति 30 लाख रुपए लाने का कहकर निकल गए। अब भरत जोशी ने मशीन से नोट गिनने शुरू ही किए थे कि तीसरा व्यक्ति भी मौके से गायब हो गया। नोट गिनने के दौरान ही नकली नोट होने की जानकारी मिली, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

नोटों पर बापू की जगह अनुपम खेर : 

नोटों की जांच करने पर पता चला कि 500 रुपए के नकली नोटों पर बापू की तस्वीर की जगह बॉलीवुड एक्टर अनुपम खेर की तस्वीर छपी हुई थी। बैंक में जिस तरह से करंसी की गडि्डयां बनाई जाती है। उसी प्रकार इन्हें व्यवस्थित तरीके से अरेंज किया गया था। इन नकली नोटों पर रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया की जगह पर रिसोल बैंक ऑफ इंडिया लिखा हुआ है। इस मामले पर अहमदाबाद पुलिस ने संज्ञान लिया है। पुलिस को संदेह है कि ठगी करने वाला गिरोह राजस्थान का हो सकता है।

अनुपम खेर ने किया ट्वीट : 

इन नकली नोट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस पर अब खुद अनुपम खेर ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी तस्वीर छपे नोट की फोटो शेयर की और कैप्शन में लिखा- ‘लो जी कर लो बात… !’