Skip to main content

चुनावी शपथ पत्र : अर्जुनराम की संपत्ति उतनी, कीमत बढ़ी, गोविंदराम के पास लगभग दो करोड़ की जमीन

आरएनई, बीकानेर।

बीकानेर के चुनावी रण में उतरे भाजपा प्रत्याशी अर्जुनराम और कांग्रेस के गोविंदराम मेघवाल दोनों ही कमोबेश संपत्ति के मामले में बराबर हैं। चुनाव आयोग को जो शपथ पत्र दिया हैं उसके मुताबिक दोनों के पास लगभग ढाई से साढ़े तीन करोड़ की संपत्ति है। यह जुदा बात है कि अर्जुनराम के निवेश शेयर और बॉण्ड में ज्यादा है जबकि गोविंदराम जमीन के मामले में आगे हैं। खास बात ये है कि दोनों के सोने-चांदी के जेवरात में कोई खास बढ़ोतरी नहीं हुई है।

ये है अर्जुनराम-गोविंदराम की संपत्ति :

अर्जुनराम मेघवाल के पास चल संपत्ति के रूप में 2,19,06,676 (दो करोड़ 19 लाख छह हजार 676) रुपए हैं। गोविंदराम और उनकी पत्नी के बैंक खातों में महज सात लाख रुपए है। अलबत्ता गोविन्दराम ने दो करोड़ 22 लाख रुपए की कृषि भूमि होना स्वीकार किया है। जिसमें खुद के नाम से 01.36 करोड़ की कृषि भूमि है।पत्नी के नाम से 86 लाख रुपए की जमीन है। गोविन्दराम की पत्नी आशा देवी के पास छह जगह जमीनें है, जबकि स्वयं के पास शिवबाड़ी क्षेत्र में तीन कृषि भूमि हैं। दोनों के पास करीब 88 लाख रुपए की चल संपत्ति है।

अर्जुन के पास 50 ग्राम सोना, गोविंद के पास बस एक अंगूठी :

अर्जुनराम मेघवाल के पास पिछले चुनाव में जितना सोना चांदी था, उतना ही अब है। उन्होने खुद के पास पचास ग्राम सोना होना बताया था। इस बार भी इतना ही बताया है। इसी तरह पिछले चुनाव में पंद्रह सौ ग्राम चाँदी थी। अब भी पंद्रह सौ ग्राम ही है। उनकी पत्नी के पास 210 ग्राम सोना और 03 किलो चांदी है। चल-अचल संपत्ति का संयुक्त मूल्यांकन करें तो अर्जुनराम की संपत्ति 05 साल में बढ़ी है। यह जुदा बात है कि संपत्ति में बढ़ोतरी का बड़ा हिस्सा कीमतों में हुई बढ़ोतरी का भी है।
इससे इतर गोविन्दराम के पास महज एक सोने की अंगूठी है। जो उन्हें विवाह में मिली थी। इसके अलावा 75 हजार रुपए की चांदी है। उनकी पत्नी आशा देवी के पास 38 हजार रुपए का सोना और लगभग 90 हजार रुपए की चांदी है।