Skip to main content

Bajju : हिरण शिकारियों की पैदल परेड निकालने की मांग कर रहे लोगों ने बज्जू थाने पर किया पथराव

  • बीकानेर: बज्जू थाने में जबरदस्त हंगामा, पथराव, पुलिस ने दरवाजे बंद किये, एसडीएम पहुंचे

RNE Bajju-Kolayat.

बीकानेर जिले के बज्जू इलाके में हरिण शिकार करने वाले पंजाब के शिकारियों का जहां पुलिस ने जान पर खेलकर पकड़ा वहीं अब उनकी पैदल परेड करवाने की मांग कर रहे लोगों का आक्रोश इतना बढ़ गया कि पुलिस के खिलाफ नारे लग रहे हैं। थाने पर घेरा डालकर सैकड़ों लोग बैठ गये हैं। जमकर पथराव हुआ है और दरवाजों को तोड़ दिया गया है।

हालात बिगड़ते देख पुलिस की आरएसी बटालियन भी मौके पर पहुंची। आंदोलित लोगों को डंडों से खदेड़ा गया। ऐसे में आक्रोश बढ़ गया और बड़ी तादाद में लोग थाने के आगे बैठ गये। हालात गंभीर होते देख कोलायत से उपखंड अधिकारी भी बज्जू पहुंचे हैं। बार-बार प्रदर्शनकारियों, प्रशासन और पुलिस की बीच वार्ताओं के दौर चल रहे हैं।

दरअसल बज्जू इलाके में हरिण का शिकार करने वाले पंजाब के शिकारियों को पुलिस, वन विभाग और जीवप्रेमियों के जत्थों ने मिलकर गाड़ियों, मृत हरिण के साथ पकड़ लिया। हालांकि इस दौरान शिकारियों ने गोली भी चलाई लेकिन जांबाजों ने हौसला नहीं छोड़ा और काफी देर तक पीछे गाड़ियां दौड़ाकर उन्हें हिरासत में लिया।

घटना की जानकारी मिलने के बाद बज्जू थाने के आगे भारी संख्या में लोग जमा हो गए। आंदोलित लोगों की मांग है कि पकड़े गये शिकारियों की पैदल परेड निकाली जाए। सुरक्षा कारणों और लोगों के आक्रोश को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने ऐसा करने से मना कर दिया। इसके बाद ही हालात बिगड़ गये और प्रदर्शन शुरू हो गया।