
Bhilwara : बस स्टैंड पर, दिन दहाड़े प्रेमिका जैसी देखने वाली लड़की को गोली मारी, पकड़ा गया सिरफिरा !
RNE Bhilwara-Rajasthan.
गर्लफ्रेंड से नाराज एक युवक उसे मारने के लिए लड़की बन बंदूक लेकर बस स्टैंड पहुंचा। गफलत में प्रेमिका जैसी ही दिखने वाली लड़की को गोली मार दी। हालांकि बाद में खुद की कनपटी पर गोली चलाने की कोशिश की लेकिन चली नहीं। लोगों ने पकड़कर धुन दिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
इस बीच उस लड़की की हालत गंभीर बनी हुई जिसके पेट में सिरफिरे युवक ने गोली मारी। उसे अजमेर के JLN Hospital रेफर किया गया है।
दरअसल यह वारदात भीलवाड़ा के बस स्टैंड पर सोमवार को हुई। यहां लोकेश शर्मा नाम का युवक अपनी प्रेमिका रानी को गोली मारने आया था। वहां पर पीछे से रानी जैसी ही कद-काठी की दिखने वाली रूमाना नाम की युवती बस में चढ़ रही थी। लोकेश ने रानी के भ्रम में रूमाना पर दो फायर कर दिया। एक फायर मिस हो गया लेकिन दूसरी गोली उसकी पीठ से होती हुई पेट तक धंस गई।
इसके बाद युवक ने खुद की कनपटी पर गन रखकर ट्रिगर दबाया लेकिन फायर नहीं हुआ। लोगों ने युवक को पकड़ लिया और जमकर पीटा। पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया है। डीएसपी श्याम सुंदर ने बताया- युवती की हालत नाजुक बनी हुई है। उसे भीलवाड़ा से अजमेर के JLN हॉस्पिटल रेफर किया गया है। आरोपी युवक से पूछताछ की जा रही है।
कौन है, बेवजह गोली की शिकार हुई युवती :
22 वर्षीय रूमाना अपनी माँ साजिया के साथ कोटा से भीलवाड़ा अपने किसी रिश्तेदार के यहां शोक जताने आई थी। उसके माँ साजिया बानो ने बताया- हम यहां शोक सभा में आए थे। आज अपने घर कोटा लौट रहे थे। मेरी बेटी रूमाना साथ में थी। हम भीलवाड़ा से कोटा जाने के लिए बस में बैठने वाले थे। इसी दौरान किसी ने रूमाना पर गोली चला दी।
मैंने देखा कि लाल शर्ट वाला लड़का अपनी कनपटी पर बंदूक रखे खड़ा है। उसने 2 बार ट्रिगर दबाया। लेकिन, गोली नहीं चली। उसे देखते ही मुझे एहसास हुआ कि गोली उसी ने चलाई है। मैं चिल्लाई- इसे पकड़ो। इसी ने मेरी बेटी को गोली मारी है।