Movie prime

बीकानेर से 4 को कार्यसमिति सदस्य बनाया, केंद्रीय मंत्री मेघवाल स्थायी आमंत्रित सदस्य

जिलों के प्रभारी व सह प्रभारी भी विशेष आमंत्रित सदस्य
पार्टी की नजर निकाय व पंचायत चुनाव पर
 

मधु आचार्य ' आशावादी '
e
भाजपा में बहुप्रतीक्षित प्रदेश कार्यसमिति के सदस्यों की घोषणा आखिरकार होली से एक दिन पहले हो ही गयी। अनेक नेताओं को इसमें नाम आने की प्रतीक्षा भी थी और बड़ी उम्मीद भी पाली हुई थी। कुछ के हाथ निराशा लगी तो कुछ के सपने साकार हुए।

d

प्रदेश कार्यसमिति में सदस्य बनने की चाह उन लोगों को थी जिनको अब तक प्रदेश या जिले में कोई पद नहीं मिला था। न जिनकी किसी पद पर राजनीतिक नियुक्ति हुई थी। इस कारण अब उनकी आस प्रदेश कार्यसमिति से थी। हालांकि, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बनाने में भी देरी हुई है।

इनको मिला है इस बार अवसर:

इस बार भाजपा ने शहर से सत्यप्रकाश आचार्य व गोपाल गहलोत को सदस्य बनाया है। सत्यप्रकाश आचार्य पूर्व जिलाध्यक्ष है और पहले 9 बार प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रह चुके है। उनकी केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल से निकटता है। उसका लाभ मिला है।

गोपाल गहलोत का नाम जरूर चकित कर गया। गहलोत भाजपा के फायर ब्रांड नेता है, पहले जिला अध्यक्ष भी रहे है, उनके पास अपनी एक टीम है, इसमें कोई दो राय नहीं। मगर वे बाद में भाजपा छोड़ गये। कांग्रेस के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ा। फिर निर्दलीय भी चुनाव लड़ा। इस बार लोकसभा से पहले उनकी भाजपा में घर वापसी हुई। उनको ये जिम्मेवारी मिली, उसकी जरूर चर्चा है। गहलोत की संगठन क्षमता व प्रदेश के नेताओं से नजदीकियां है, उस कारण महत्त्व मिला। गहलोत का उपयोग भाजपा बीकानेर में निकाय चुनाव में करेगी।


 
देहात में भी चुनावी गणित:

देहात भाजपा से पूर्व देहात अध्यक्ष व राजपूत नेता जालमसिंह भाटी व कुम्भनाथ सिद्ध को प्रदेश कार्यसमिति बनाया गया है। भाटी जब जिलाध्यक्ष थे तब चुनावों में उनको सफलता मिली थी। वे निरंतर प्रदेश की टीम में भी सक्रिय रहे है और प्रदेश के नेताओं से भी उनके अच्छे संपर्क है। इस वजह से उनको तरजीह मिली।
कुम्भनाथ सिद्ध एक निष्ठावान व समर्पित कार्यकर्ता है। देहात महामंत्री के रूप में अपनी क्षमता का उन्होंने प्रदर्शन भी किया है। केंद्रीय कानून मंत्री मेघवाल से नजदीकियों का भी उनको लाभ मिला है। लूणकरणसर, बीकानेर व श्रीडूंगरगढ़ पंचायत समिति में सिद्ध समुदाय के वोट भी है। पार्टी पंचायत चुनाव में इनके जरिये लाभ की कोशिश में है।



कानून मंत्री स्थायी आमंत्रित सदस्य:

प्रदेश की राजनीति में पूरी दखल रखने वाले बीकानेर के सांसद व केंद्रीय कानून मंत्री की वर्तमान में राज्य भाजपा पर अच्छी पकड़ है। राज्य के कई बड़े निर्णयों में भी उनकी भागीदारी रहती है। एससी समुदाय पर उनकी पूरे राज्य में मजबूत पकड़ है। बीकानेर, श्रीगंगानगर क्षेत्र के पंचायत चुनाव में उनका पूरा दखल रहेगा। पार्टी उनका लाभ पंचायत राज चुनाव में लेना चाहती है।

d

प्रभारी व सह प्रभारी की बात:

भाजपा ने सुरेंद्र सिंह शेखावत, अखिलेश प्रताप सिंह, मोहन सुराणा, विजय आचार्य व चेतन राजपुरोहित को भी विशेष आमंत्रित सदस्य प्रदेश कार्यसमिति में बनाया गया है। पार्टी मोहन सुराणा, विजय आचार्य का निकाय चुनावों में और सुरेंद्र सिंह शेखावत का पंचायत राज चुनाव में उपयोग करने की रणनीति पर काम कर रही है।


चुनावी चौसर बिछाई है भाजपा ने:

प्रदेश कार्यसमिति में सदस्यों का मनोनयन कर भाजपा ने बीकानेर में चुनावी चौसर बिछाई है। अपनी रणनीति बनाई है। अब इसका कितना लाभ मिलेगा, यह तो चुनाव में पता चलेगा।

FROM AROUND THE WEB