जूनागढ़ किले की खाई में शनिवार देर रात एक युवक गिर गया और करीब 12 घंटे तक घायल अवस्था में वहीं फंसा रहा।
Rudra News Express Bikaner.
बीकानेर शहर के बीचोबीच जूनागढ़ किले की खाई में शनिवार देर रात एक युवक गिर गया और करीब 12 घंटे तक घायल अवस्था में वहीं फंसा रहा। रविवार दोपहर सूचना मिलने पर सामाजिक संस्थाओं के कार्यकर्ताओं और पुलिस टीम ने रेस्क्यू कर युवक को खाई से बाहर निकाला। इसके बाद उसे उपचार के लिए पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार युवक ने बताया कि वह शनिवार रात करीब 8 से 9 बजे के बीच जूनागढ़ की खाई में गिर गया था। इसके बाद पूरी रात वह घायल अवस्था में खाई में ही फंसा रहा। रविवार दोपहर करीब 12 बजे उसके खाई में पड़े होने की सूचना मिली।
सूचना मिलते ही खिदमतगार खादिम सोसाइटी और असहाय सेवा संस्थान के कार्यकर्ता राजकुमार शोएब भाई, इमरान, जुनैद, राजकुमार खड़गावत सहित अन्य सदस्य एंबुलेंस लेकर मौके पर पहुंचे। इसी दौरान कोटगेट थाना पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई।
पुलिस की निगरानी में रेस्क्यू टीम ने युवक को खाई से बाहर निकाला। इसके बाद उसे तत्काल एंबुलेंस से पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां उसका उपचार शुरू किया गया।
युवक की पहचान लक्ष्मण के रूप में बताई जा रही है। वह पंजाब का रहने वाला बताया गया है। फिलहाल युवक की चोटों की स्थिति और वह खाई में किन परिस्थितियों में गिरा, इसे लेकर पुलिस जानकारी जुटा रही है।

