Movie prime

बोगस गर्भवती ग्राहक बनाकर रचा जाल, डिकॉय ऑपरेशन में रंगे हाथों पकड़ा आरोपी

 

Rudra News Express Jaipur.

कन्या भ्रूण हत्या पर रोक लगाने के लिए राजस्थान सरकार की पीसीपीएनडीटी टीम ने हरियाणा के डबवाली में बड़ी कार्रवाई करते हुए भ्रूण लिंग परीक्षण कराने वाले एक दलाल को गिरफ्तार किया है। टीम ने गर्भवती महिला को बोगस ग्राहक बनाकर डिकॉय ऑपरेशन चलाया और आरोपी को रंगे हाथों दबोच लिया।

यह कार्रवाई 'ऑपरेशन अकड़ तोड़' के तहत की गई। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के निदेशक डॉ. जोगाराम ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी लंबे समय से राजस्थान-हरियाणा सीमा क्षेत्र में सक्रिय था। वह गर्भवती महिलाओं को हरियाणा ले जाकर अवैध रूप से भ्रूण का लिंग परीक्षण कराने की व्यवस्था करता था।

पीसीपीएनडीटी टीम को आरोपी की गतिविधियों की सूचना मिलने पर पूरी योजना बनाई गई। एक गर्भवती महिला को डिकॉय ग्राहक बनाकर आरोपी से संपर्क कराया गया। जैसे ही आरोपी महिला को लिंग जांच के लिए हरियाणा ले गया, टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया।

अधिकारियों के अनुसार आरोपी से पूछताछ की जा रही है। उसके नेटवर्क, सहयोगियों तथा अवैध लिंग जांच कराने वाले डॉक्टरों और केंद्रों की जानकारी जुटाई जा रही है। इस कार्रवाई को कन्या भ्रूण हत्या के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता माना जा रहा है।

FROM AROUND THE WEB