अमित - असित की जुगलबंदी 4 को होगी, दोनों भाईयों की सितार और सरोद पर होगी जुगलबंदी
RNE Network.
देश भर में अपने फन का हुनर दिखा चुके अमित गोस्वामी व असित गोस्वामी की बीकानेर में जुगलबंदी 4 मई को होगी। दोनों भाई 4 मई को शाम 7 बजे वेटरनरी ऑडिटोरियम में सितार व सरोद की जुगलबंदी करेंगे। अमित - असित राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त सितार वादक गुरुजी स्व जसकरण जी गोस्वामी के सुपुत्र है और इन्होंने तालीम भी उन्हीं से ली है।

आकाशवाणी के 90 साल पूर्ण होने पर आकाशवाणी, बीकानेर की तरफ से यह शास्त्रीय संगीत संध्या आयोजित की जा रही है। आकाशवाणी, बीकानेर के क्लस्टर प्रमुख व उप महानिदेशक रामजीलाल असवाल व आकाशवाणी, बीकानेर के सहायक निदेशक अमित सिंह ने बताया कि इस शास्त्रीय संगीत संध्या के मुख्य अतिथि राजस्थान पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय के कुलगुरु डॉ सुमंत व्यास होंगे।

अमित - असित की सितार - सरोद की जुगलबंदी में तबले पर संगत शब्बीर हुसैन करेंगे। गोस्वामी भाई देश के अनेक शहरों में अपनी जादुई जुगलबंदी से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर चुके है। अमित गोस्वामी उर्दू के नामचीन शायर भी है और इनकी पुस्तकें भी प्रकाशित हो चुकी है।


