Movie prime

Amit Shah ने बीकानेर की सांचू पोस्ट पर कहा, Operation Sindoor में पाक को मुंह तोड़ जवाब दिया 

 
RNE Bikaner.
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को बीकानेर की अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित बीएसएफ की ऐतिहासिक सांचू पोस्ट पहुंचकर जवानों का हौसला बढ़ाया और पाकिस्तान को कड़ा संदेश दिया। ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए शाह ने कहा कि बीएसएफ ने पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब देने में अहम भूमिका निभाई और सीमावर्ती नागरिकों का मनोबल बनाए रखा।
Amit shah
सांचू पोस्ट पर आयोजित प्रहरी सम्मेलन में अमित शाह ने कहा कि देश की सीमाओं की सुरक्षा में तैनात जवान कठिनतम परिस्थितियों में भी अदम्य साहस और कर्तव्यपरायणता के साथ डटे हुए हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार बीएसएफ को अत्याधुनिक तकनीक और बेहतर सुविधाओं से सशक्त करेगी।
Bikaner
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मौजूदगी में गृह मंत्री ने सीमा सुरक्षा को लेकर बड़ा संदेश देते हुए कहा कि “बीएसएफ, सेना, जागरूक नागरिक और प्रशासन मिलकर मजबूत चतुष्कोणीय सुरक्षा ग्रिड बनाएं।” उन्होंने सीमा पार से होने वाली घुसपैठ, ड्रोन गतिविधियों और स्मगलिंग पर चौकसी बढ़ाने के निर्देश दिए।
Bikaner
अमित Shah ने कहा कि केंद्र सरकार अंतरराष्ट्रीय सीमा पर 1096 किलोमीटर लंबी लिटरल रोड और 520 किलोमीटर एक्ससीएल रोड बना रही है, जिससे जवानों की आवाजाही और कनेक्टिविटी बेहतर होगी। उन्होंने यह भी बताया कि सीमावर्ती चौकियों तक पाइपलाइन से पेयजल पहुंचाने का कार्य तेजी से पूरा किया जा रहा है।
Bikaner
गृह मंत्री ने सीमा सुरक्षा में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि “आज बेटियां सीमा पर बेटों से दो कदम आगे हैं।” इस दौरान उन्होंने राजस्थान की सीमा चौकियों पर निर्मित 14 महिला बैरकों का ई-लोकार्पण किया। राज्य में कुल 79 महिला बैरकों को स्वीकृति दी गई है, जिनमें से 67 पूरी हो चुकी हैं।
सांचू पोस्ट के ऐतिहासिक महत्व का उल्लेख करते हुए अमित शाह ने 1965 के भारत-पाक युद्ध को याद किया और कहा कि पाकिस्तान ने इस चौकी पर कब्जे की कोशिश की थी, लेकिन भारतीय जवानों ने जवाबी कार्रवाई कर दुश्मन को पीछे हटने पर मजबूर कर दिया। उन्होंने कहा कि “सांचू पोस्ट भारत के इतिहास में स्वर्णाक्षरों में दर्ज है।”
गृह मंत्री ने बीएसएफ जवानों के साथ जलपान किया, सांचू माता मंदिर में पूजा-अर्चना की और खेजड़ी का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2019 से अब तक सीमा प्रहरियों द्वारा 7 करोड़ 35 लाख पौधे लगाए जा चुके हैं।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल, केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन, बीएसएफ महानिदेशक प्रवीण कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और सेना के जवान मौजूद रहे।

FROM AROUND THE WEB