Movie prime

Amit Shah ने बीकानेर के बॉर्डर पर जवानों संग बिताया समय

 

RNE Bikaner.

 केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित बीएसएफ की सांचू पोस्ट पहुंचकर सीमा सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और जवानों का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान उन्होंने प्रहरी सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि देश की सीमाओं की सुरक्षा में बीएसएफ जवानों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और राष्ट्र उनकी सेवा व समर्पण का सम्मान करता है।

अमित शाह ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के साथ सीमा पर तैनात जवानों से संवाद किया तथा उनके साथ जलपान भी किया। दोनों नेताओं ने जवानों के साहस, अनुशासन और कठिन परिस्थितियों में निभाई जा रही जिम्मेदारियों की सराहना की।

कार्यक्रम के दौरान गृह मंत्री ने सीमा चौकियों पर नवनिर्मित 14 महिला बैरकों का ई-लोकार्पण किया। इसे महिला सुरक्षा बलों के लिए आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

इससे पूर्व अमित शाह ने सांचू माता मंदिर में दर्शन कर पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रहरी शस्त्र गैलरी का अवलोकन किया और आधुनिक ड्रोन तकनीक की कार्यप्रणाली की जानकारी ली। सीमा निगरानी में तकनीक के बढ़ते उपयोग को लेकर उन्होंने अधिकारियों से विस्तृत चर्चा भी की।

गृह मंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुनराम मेघवाल, बीएसएफ के वरिष्ठ अधिकारी तथा प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

FROM AROUND THE WEB