Anshuman Singh Bhati बोले- मेघासर पहुंचकर कोलायत के विकास के लिए सीएम भजनलाल का आभार जताएं
Rudra News Express Kolayat- Bikaner.
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के 14 अगस्त को कोलायत विधानसभा क्षेत्र के ग्राम मेघासर दौरे को लेकर विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री के स्वागत और अभिनंदन कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए विधायक पिछले कई दिनों से गांव-गांव और ढाणी-ढाणी पहुंचकर आमजन एवं कार्यकर्ताओं से संवाद कर रहे हैं।

विधायक भाटी ने कोलायत और बज्जू क्षेत्र के दर्जनों गांवों में सभाएं एवं कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम किए। उन्होंने लोगों से अधिकाधिक संख्या में मेघासर पहुंचकर मुख्यमंत्री के स्वागत कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की।
भाटी ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने पिछले ढाई वर्षों में कोलायत विधानसभा क्षेत्र के लिए कई विकास कार्यों और योजनाओं को स्वीकृति दी है। ऐसे में मुख्यमंत्री का मेघासर आगमन क्षेत्र की जनता के लिए विकास कार्यों के प्रति आभार व्यक्त करने का अवसर है।
उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम केवल मुख्यमंत्री के स्वागत तक सीमित नहीं है, बल्कि कोलायत की जनता की ओर से क्षेत्र के विकास के लिए मिले सहयोग और सौगातों के लिए धन्यवाद ज्ञापित करने का अवसर भी है।
गांव-गांव पहुंचकर विकास कार्यों की जानकारी दे रहे विधायक :
विधायक अंशुमान सिंह भाटी लगातार जनसुनवाई, रात्रि चौपाल और जनसंपर्क कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीणों के बीच पहुंच रहे हैं। इन दौरान वे क्षेत्र में पिछले ढाई वर्षों में हुए विकास कार्यों और सरकार द्वारा स्वीकृत परियोजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचा रहे हैं।
भाटी ने कहा कि जनता के बीच रहकर विकास कार्यों का फीडबैक लेना और क्षेत्र की आवश्यकताओं को सरकार तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है।
150 बसें और 1000 से अधिक छोटी गाड़ियों की तैयारी :
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर कोलायत विधानसभा क्षेत्र में व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। विधायक के अनुसार प्रत्येक पंचायत स्तर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और आमजन मेघासर पहुंचेंगे।
कार्यक्रम के लिए करीब 150 बसों और 1000 से अधिक छोटी गाड़ियों की व्यवस्था किए जाने की बात कही गई है। विधायक ने दावा किया कि हजारों की संख्या में क्षेत्रवासी मेघासर पहुंचकर मुख्यमंत्री का स्वागत एवं अभिनंदन करेंगे।
भाटी की अपील- सपरिवार मेघासर पहुंचे लोग :
विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने कहा कि कोलायत की जनता विकास के साथ खड़ी है और मुख्यमंत्री के स्वागत को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह है। उन्होंने कार्यकर्ताओं और आमजन से सपरिवार अधिक से अधिक संख्या में मेघासर पहुंचने का आह्वान किया।

