कोलायत में मंत्री सुमित गोदारा के सामने अंशुमानसिंह के समर्थकों का हंगामा, विधायक की अनदेखी पर उबले कार्यकर्ता
Rudra News Express, Kolayat-Bikaner
बीकानेर भाजपा में अंदरूनी खींचतान एक बार फिर खुलकर सामने आई। मंगलवार को कोलायत पंचायत समिति में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा के मुख्य आतिथ्य में आयोजित लाभार्थी सम्मेलन एवं जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान भाजपा के ही कार्यकर्ताओं ने अपनी सरकार और मंत्री के खिलाफ नाराजगी जाहिर कर दी। विवाद की वजह क्षेत्रीय भाजपा विधायक अंशुमान सिंह भाटी को कार्यक्रम में आमंत्रित नहीं करना और प्रचार सामग्री में उनका फोटो नहीं होना रहा।
कार्यक्रम शुरू होने से पहले विधायक समर्थक कार्यकर्ताओं ने मंत्री सुमित गोदारा के समक्ष कड़ा विरोध दर्ज कराया। उनका कहना था कि क्षेत्र के निर्वाचित विधायक की अनदेखी करना न केवल पार्टी संगठन बल्कि स्थानीय जनता के सम्मान के भी खिलाफ है। कार्यकर्ताओं ने इसे भाजपा के भीतर गुटबाजी का उदाहरण बताते हुए जवाब मांगा।
स्थिति बिगड़ती देख मंत्री सुमित गोदारा स्वयं कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचे और उनकी नाराजगी दूर करने का प्रयास किया। उन्होंने सभी मुद्दों पर सकारात्मक विचार करने तथा समाधान का भरोसा दिलाया, जिसके बाद मामला शांत हुआ।
विरोध कर रहे कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि कार्यक्रम में स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं की बजाय कांग्रेस से जुड़े लोगों, कांग्रेस पदाधिकारियों और बाहरी व्यक्तियों को अधिक महत्व दिया गया। इससे भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी असंतोष है और पार्टी के भीतर समन्वय की कमी उजागर हुई है।
कार्यकर्ताओं ने यह मुद्दा भी उठाया कि कोलायत विधानसभा क्षेत्र में चल रहे ग्रामीण सेवा शिविर मंत्री के कार्यक्रम के कारण प्रभावित हुए। उनके अनुसार अधिकांश विभागीय अधिकारी कार्यक्रम में व्यस्त रहे, जिससे गांवों में आयोजित शिविरों में पहुंचे लोगों को बिना समाधान के लौटना पड़ा।

