बीकानेर हाउस में अरमान नदीम ने अमेरिकी लेखिका एरिका को भेंट की ‘सुकून’
RNE Network.
दिल्ली स्थित बीकानेर हाउस में युवा साहित्यकार अरमान नदीम ने अपनी चर्चित कृवति “सुकून” अमेरिकी लेखिका एरिका को भेंट की। इस अवसर पर एरिका ने पुस्तक में गहरी रुचि दिखाई तथा भारतीय समाज, संस्कृति और साहित्य से जुड़े विषयों पर सार्थक संवाद हुआ।
अरमान नदीम ने कहा कि साहित्य विभिन्न देशों और संस्कृतियों के बीच संवाद का एक सशक्त माध्यम है। “सुकून” का अंतरराष्ट्रीय पाठकों तक पहुँचना हिंदी साहित्य के लिए भी एक सुखद और गौरवपूर्ण क्षण है।
यह मुलाकात केवल पुस्तक भेंट तक सीमित नहीं रही, बल्कि साहित्य, लेखन और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के अनेक पहलुओं पर विचार-विमर्श का अवसर भी बनी। एरिका ने भारतीय युवा रचनाकारों की साहित्यिक सक्रियता की सराहना करते हुए अरमान नदीम के उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ व्यक्त कीं।
उल्लेखनीय है कि अरमान नदीम इन दिनों ब्रिटिश काउंसिल, नई दिल्ली में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं तथा साहित्य और संस्कृति के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं।

