ASIRAJ-2026 : 480 विशेषज्ञ जुटे, डॉ. एस.पी. चौहान को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड; क्विज में एसपीएमसी बीकानेर प्रथम
Rudra News Express Bikaner.
सर्जरी की बदलती तकनीकें, रोबोटिक उपचार और एआई के बढ़ते इस्तेमाल के बीच बीकानेर में देशभर के 480 सर्जनों ने चिकित्सा के भविष्य पर मंथन किया। एसोसिएशन ऑफ सर्जन्स ऑफ इंडिया, राजस्थान चैप्टर के वार्षिक सम्मेलन ASIRAJ-2026 में आधुनिक सर्जिकल तकनीकों और उपचार की नई पद्धतियों पर चर्चा हुई।
इन विषयों पर बात:
वैज्ञानिक सत्रों में लैप्रोस्कोपिक सर्जरी, हर्निया सर्जरी, रोबोटिक सर्जरी, ब्रेस्ट कैंसर सर्जरी, डायबिटिक फुट और मिनिमल एक्सेस सर्जरी जैसे विषयों पर व्याख्यान और पैनल चर्चाएं हुईं। विशेषज्ञों ने सर्जरी में तकनीकी विकास, उपचार की नई पद्धतियों और अपने व्यावहारिक अनुभवों को साझा किया। शोध-पत्रों, ई-पोस्टर और वीडियो प्रस्तुतियों के माध्यम से चिकित्सकों ने अपने शोध एवं अनुभव प्रस्तुत किए।
डॉ. एस.पी. चौहान को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड :
सम्मेलन का प्रमुख आकर्षण एसपी मेडिकल कॉलेज के पूर्व सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. एस.पी. चौहान का सम्मान रहा। सर्जरी के क्षेत्र में उनके दीर्घकालीन योगदान के लिए उन्हें लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड प्रदान किया गया।
आयोजकों ने बीकानेर में लैप्रोस्कोपिक और एंडोस्कोपिक सर्जरी की शुरुआत तथा इसके विकास में उनकी भूमिका को विशेष रूप से रेखांकित किया। इसी योगदान के लिए उन्हें बीकानेर में लैप्रोस्कोपिक सर्जरी के जनक के रूप में सम्मानित किया गया। उनका सम्मान चिकित्सा क्षेत्र में लंबे समय तक किए गए कार्य और नई सर्जिकल तकनीकों के विकास में योगदान को रेखांकित करने वाला रहा।
देश- प्रदेश के ये एक्सपर्ट मौजूद:
सम्मेलन के उद्घाटन समारोह में एसोसिएशन ऑफ सर्जन्स ऑफ इंडिया के उपाध्यक्ष एवं महाराष्ट्र के डॉ. प्रतापसिंह ए. वारुटे मुख्य अतिथि रहे। एसएन मेडिकल कॉलेज, जोधपुर के पूर्व प्राचार्य एवं प्रख्यात यूरोलॉजिस्ट डॉ. अमीलाल भट गेस्ट ऑफ ऑनर रहे। समारोह में एएसआई राजस्थान चैप्टर के अध्यक्ष डॉ. राज कमल जैन, सचिव डॉ. महेश राव, एसपी मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य एवं नियंत्रक डॉ. सुरेन्द्र वर्मा, पीबीएम अस्पताल के अधीक्षक डॉ. बी.सी. घिया तथा ASIRAJ के चेयरमैन डॉ. मोहम्मद सलीम सहित अनेक वरिष्ठ चिकित्सक मौजूद रहे।
क्विज में एसपीएमसी बीकानेर अव्वल :
सम्मेलन में आयोजित स्नातकोत्तर विद्यार्थियों की क्विज प्रतियोगिता में एसपी मेडिकल कॉलेज, बीकानेर ने प्रथम स्थान हासिल किया। जेएलएन मेडिकल कॉलेज, अजमेर की टीम दूसरे और एम्स जोधपुर के विद्यार्थी तीसरे स्थान पर रहे।
क्विज के जरिए युवा चिकित्सकों ने सर्जरी से जुड़े अपने ज्ञान और अकादमिक दक्षता का प्रदर्शन किया। सम्मेलन में युवा सर्जनों की भागीदारी का उद्देश्य उन्हें वरिष्ठ विशेषज्ञों के अनुभवों से जोड़ना और चिकित्सा शिक्षा में ज्ञान के आदान-प्रदान को बढ़ावा देना रहा।
GBM में फैसला, अगला सम्मेलन कोटा में :
ASIRAJ-2026 के वैज्ञानिक कार्यक्रमों के बाद एसोसिएशन ऑफ सर्जन्स ऑफ इंडिया, राजस्थान चैप्टर की जनरल बॉडी मीटिंग (GBM) आयोजित की गई। बैठक में संगठन से जुड़े विषयों पर चर्चा के साथ अगले वार्षिक सम्मेलन के आयोजन को लेकर भी निर्णय लिया गया। बैठक में तय किया गया कि अगला सम्मेलन कोटा में सुधा मेडिकल कॉलेज के आयोजन में होगा। इसके लिए डॉ. आर.के. शर्मा को जिम्मेदारी सौंपी गई। इस निर्णय के साथ राजस्थान चैप्टर के आगामी वार्षिक सम्मेलन की तैयारियों की दिशा भी तय हुई।
युवा सर्जनों तक पहुंचेगा अनुभव :
आयोजन सचिव डॉ. मनोहर एल. दवाँ के अनुसार सम्मेलन का उद्देश्य अनुभवी सर्जनों के ज्ञान और आधुनिक तकनीकों को युवा चिकित्सकों तक पहुंचाना है। ऐसे आयोजन सर्जिकल शिक्षा को मजबूत करने और उपचार की नई पद्धतियों से चिकित्सकों को परिचित कराने में सहायक होते हैं।

