280 चुनाव लड़ने वाले बाजोरिया का निधन, धरतीपकड़ के नाम से देश भर में थे मशहूर, इन बड़े नेताओं के सामने लड़ा था चुनाव
RNE, NETWORK.
कोई एक चुनाव लड़ना ही इस जमाने में भारी पड़ता है। बेतहाशा खर्च, फिर प्रचार, संपर्क, यात्राएं आदि में भी काफी समय बीत जाता है। लोग तो एक पार्षद का चुनाव लड़कर ही तौबा कर लेते हैं, मगर भारत में एक शख्स ऐसा भी था जिसने अपने जीवन में एक नहीं 280 कुल चुनाव लड़े। उस महान शख्स का निधन हो गया।
बिहार के भागलपुर में रहने वाले नागरमल बाजोरिया नाम के इस शख्स का निधन हुआ है, उनकी उम्र 97 वर्ष थी। पूरा देश उनको 'धरतीपकड़' के नाम से जानता था और वे बहुत मशहूर थे। इस शख्स को चुनाव लड़ने का बहुत ही बड़ा जुनून था, क्योंकि लोकतंत्र में उनकी गहरी आस्था थी। राजनेता भी उनकी ईच्छा का सम्मान करते थे।
बाजोरिया ने अपनी 97 साल की उम्र में नगर निकाय से लेकर राष्ट्रपति तक 280 बार पर्चा भरा। इंदिरा गांधी, राजीव गांधी, अटल बिहारी वाजपेयी और लालकृष्ण आडवाणी जैसे नेताओं के खिलाफ भी वे चुनावी मैदान में उतरे थे।

