Movie prime

बड़ी खबर : बीकानेर में गैस पाइप लाइन बिछी, ट्रायल शुरू 

Bikaner Gas Pipeline : मार्च अंत तक बीछवाल, करणी, समता नगर में शुरू होगी प्राकृतिक गैस सप्लाई

 
बीकानेर के औद्योगिक विकास को मिलेगा बड़ा बूस्ट, सिरेमिक उद्योग की संभावनाएं बढ़ीं

RNE Bikaner. 
बीकानेर शहर के औद्योगिक परिदृश्य में बड़ा बदलाव आने जा रहा है। मार्च माह के अंत तक बीछवाल औद्योगिक क्षेत्र, करणी औद्योगिक क्षेत्र और समता नगर के रिहायशी इलाके में प्राकृतिक गैस की सप्लाई शुरू कर दी जाएगी। गैस पाइपलाइन बिछाने का कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है और कनेक्शन जारी करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है।

गैसोनट कंपनी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेन्द्र कुमार ने उद्योग प्रतिनिधियों के साथ हुई बैठक में बताया कि तीनों क्षेत्रों में पाइपलाइन बिछा दी गई है और मार्च अंत तक गैस आपूर्ति प्रारंभ कर दी जाएगी। जनरल मैनेजर गंगाप्रसाद बरुआ ने कहा कि बीकानेर के अन्य औद्योगिक क्षेत्रों को भी शीघ्र गैस पाइपलाइन से जोड़ा जाएगा।

करणी क्षेत्र की बड़ी खाद्य इकाई जुड़ी 

कंपनी के अनुसार करणी औद्योगिक क्षेत्र की एक बड़ी खाद्य प्रसंस्करण इकाई को पहले ही गैस पाइपलाइन से जोड़ा जा चुका है और उसका परीक्षण सफलतापूर्वक पूरा हो चुका है। इससे अन्य इकाइयों को भी शीघ्र कनेक्शन मिलने का रास्ता साफ हो गया है।

सिरेमिक उद्योग को मिल सकती है नई दिशा

बीकानेर जिला उद्योग संघ अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया ने कहा कि प्राकृतिक गैस की उपलब्धता से यहां सिरेमिक उद्योग स्थापित होने की संभावनाएं प्रबल हुई हैं। बीकानेर जिले में प्रतिवर्ष लगभग 31 लाख टन क्ले का खनन होता है, जिसमें से 98 प्रतिशत अन्य राज्यों को भेज दिया जाता है।

यदि स्थानीय स्तर पर सिरेमिक इकाइयां स्थापित होती हैं तो 500 से 1000 प्रतिशत तक वैल्यू एडिशन संभव है। वर्तमान में क्ले, क्वार्ट्ज और फेल्सपार आधारित लगभग 600 इकाइयां गुजरात के मोरबी में संचालित हैं, जहां करीब 30 हजार करोड़ रुपये का निवेश और 2.40 लाख श्रमिक कार्यरत हैं। वार्षिक उत्पादन 40 हजार करोड़ रुपये के आसपास है।

गैस बनेगी औद्योगिक गेमचेंजर  

उद्योग जगत का मानना है कि मोरबी में सिरेमिक उद्योगों के विकास का प्रमुख कारण प्राकृतिक गैस की उपलब्धता है। बीकानेर से ही वहां कच्चा माल भेजा जाता है। यदि यहां व्यापक स्तर पर गैस सप्लाई सुनिश्चित हो जाती है तो राजस्थान में भी बड़े निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा हो सकते हैं। प्राकृतिक गैस की उपलब्धता से उत्पादन लागत में कमी, पर्यावरण अनुकूल ऊर्जा और प्रतिस्पर्धात्मक बढ़त मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। मार्च अंत तक गैस सप्लाई शुरू होने के साथ ही बीकानेर के औद्योगिक विकास को नई रफ्तार मिलने की संभावना है।

FROM AROUND THE WEB