Movie prime

Bikaner : 03 सगी बहनें डूबी, 3 घंटे चले रेस्क्यू के बाद निकाले शव

 
RNE Bikaner.
बीकानेर जिले के बज्जू क्षेत्र में गुरुवार शाम एक दर्दनाक हादसे में तीन सगी बहनों की डिग्गी में डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि एक बहन को बचाने के प्रयास में बाकी दो बहनें भी पानी में उतर गईं और तीनों गहरे पानी में समा गईं। हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम छा गया।

Bikaner

घटना ग्राम पंचायत ग्रान्धी की रोही स्थित नख्तबन्ना सब माइनर क्षेत्र की है। मृतक बहनों की पहचान 23 वर्षीय धापू पत्नी सुरजाराम, 18 वर्षीय अनु और 17 वर्षीय सुशीला के रूप में हुई है। तीनों किसान खेताराम मेघवाल की बेटियां थीं। परिवार खेती-बाड़ी कर गुजर-बसर करता है।
रिश्तेदारी में जाने का बोलकर गई :
परिजनों के अनुसार तीनों बहनें गुरुवार दोपहर पड़ोसी पुनाराम मेघवाल के खेत स्थित डिग्गी पर काम करने, पशुओं को पानी पिलाने और कपड़े धोने गई थीं। उन्होंने घर से निकलते समय रिश्तेदारी में जाने की बात भी कही थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटीं।
चिंतित परिजनों ने रिश्तेदारों से संपर्क किया तो पता चला कि बहनें वहां पहुंची ही नहीं थीं। इसके बाद परिवार और ग्रामीण डिग्गी के पास पहुंचे, जहां हालात देखकर अनहोनी की आशंका हुई।
एक-दूसरे को बचाने में डूब गईं
ग्रामीणों के अनुसार आशंका है कि पहले एक बहन का पैर फिसला और वह डिग्गी में गिर गई। उसे बचाने के लिए दूसरी और फिर तीसरी बहन भी पानी में उतर गई, लेकिन गहराई और पानी अधिक होने के कारण तीनों बाहर नहीं निकल सकीं।
तीन घंटे चला रेस्क्यू
सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। स्थानीय तैराकों को डिग्गी में उतारा गया, जिन्होंने काफी प्रयास के बाद दो बहनों के शव बाहर निकाले। तीसरी बहन का शव नहीं मिलने पर पुलिस ने जेसीबी मशीन बुलाकर डिग्गी का एक हिस्सा तुड़वाया। करीब तीन घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद तीसरा शव भी बाहर निकाल लिया गया।
मौके पर पहुंचे अधिकारी
घटना की सूचना पर कोलायत वृत्ताधिकारी संग्राम सिंह और बज्जू थानाधिकारी जगदीश कुमार पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। सरपंच रामेश्वर सुथार, पंचायत समिति सदस्य रामकुमार गोदारा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
एक ही परिवार की तीन बेटियों की मौत से ग्रान्धी और आसपास के गांवों में शोक की लहर है। देर रात तक अस्पताल और घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही। इस हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया।

FROM AROUND THE WEB