Bikaner : 06 बाल अपचारी सुधार गृह से फरार, गार्ड की लापरवाही से खुला रास्ता; 20 घंटे बाद FIR
Rudra News Express Bikaner.
बीकानेर के गजनेर रोड स्थित बाल सुधार गृह से 6 बाल अपचारी ताला खोलकर फरार हो गए। फरार होने वालों में तीन अब 18 वर्ष से अधिक उम्र के हो चुके हैं, जबकि तीन अभी नाबालिग हैं।
घटना 3 सितम्बर की रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है। बाल सुधार गृह के कारागृह कल्याण अधिकारी राजेश चौधरी की रिपोर्ट के अनुसार, ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड मोहम्मद हारुन और फिरोज मैन गेट का ताला और चाबियों का गुच्छा साथ लेकर संस्था से चले गए। इसी दौरान सुरक्षा व्यवस्था में हुई चूक का फायदा उठाकर छह बाल अपचारी फरार हो गए।
दो गार्ड सहित पांच के खिलाफ FIR :
घटना के करीब 20 घंटे बाद सदर थाने में मामला दर्ज कराया गया। रिपोर्ट में दोनों सुरक्षा गार्डों को लापरवाही का जिम्मेदार बताते हुए नामजद किया गया है। इसके साथ ही फरार हो चुके तीन बालिग अपचारियों के खिलाफ भी नामजद मामला दर्ज कराया गया है।
फरार आरोपियों में एक गाजियाबाद, एक कोलायत और एक बीकानेर शहर के रानीसर बास का रहने वाला बताया गया है। ये तीनों अब बालिग हो चुके हैं।
पहले भी हो चुकी है फरारी :
बाल सुधार गृह से अपचारियों के फरार होने का यह पहला मामला नहीं है। 2018 में भी तीन बाल अपचारी यहां से फरार हो चुके हैं। इनमें एक हत्या के मामले में आरोपी था। इसके अलावा भी पहले सुरक्षा व्यवस्था में चूक की घटनाएं सामने आती रही हैं।

