Movie prime

Bikaner Accident : नोखा में भीषण हादसा , ट्रक-टेम्पो ट्रैवलर भिड़ंत में 3 की मौत, 13 घायल

 

RNE Nokha-Bikaner. 

बीकानेर जिले के नोखा थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-62 पर बुधवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। नाथद्वारा में श्रीनाथजी के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरे टेम्पो ट्रैवलर की तेज रफ्तार ट्रक से आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 13 लोग घायल हो गए।

यह दर्दनाक हादसा चरकड़ा बाइपास पर रात करीब 3:30 बजे हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेम्पो ट्रैवलर पूरी तरह चकनाचूर हो गया। वहीं बेकाबू ट्रक सड़क किनारे घर की तारबंदी तोड़ते हुए करीब 30 फीट अंदर तक घुस गया और वहां सो रहे लोगों से कुछ ही दूरी पर जाकर रुका। गनीमत रही कि बड़ा हादसा टल गया।

हादसे में टेम्पो ट्रैवलर चालक मोहम्मद आरिफ (45) निवासी सरदारशहर, बीकानेर निवासी जयश्री (30) और सरदारशहर निवासी विष्णु (26) की मौके पर मौत हो गई। मृतक जयश्री और विष्णु रिश्ते में जीजा-साली थे।

जानकारी के अनुसार बीकानेर के तीन परिवार 23 मई को धार्मिक यात्रा पर निकले थे। परिवार माउंट आबू, हल्दीघाटी, सांवरिया सेठ और श्रीनाथजी के दर्शन कर लौट रहा था, तभी यह हादसा हो गया।

घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों और पुलिस ने शीशे तोड़कर टेम्पो ट्रैवलर में फंसे लोगों को बाहर निकाला। घायलों को नोखा सीएचसी पहुंचाया गया, जहां से गंभीर घायलों को पीबीएम अस्पताल बीकानेर रेफर किया गया।

प्रत्यक्षदर्शी कन्हैयालाल ने बताया कि परिवार के लोग घर के बाहर सो रहे थे। अचानक जोरदार धमाका हुआ और ट्रक घर के पास आकर रुका। यदि ट्रक थोड़ा और आगे बढ़ जाता तो कई और जानें जा सकती थीं।

पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।

add33

FROM AROUND THE WEB