Movie prime

Bikaner Accident: डोडा-पोस्त से भरी कार ने पहले राहगीर को टक्कर मारी, फिर पलटी, 02 की मौत
 

 

RNE Nokha-Bikaner.

बिजली के पोल से टकराकर बेकाबू हुई कार की चपेट में आने से एक राहगीर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हादसे के बाद पलटी कार में सवार ड्राइवर ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। दुर्घटना में एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। कार से डोडा पोस्त भी बरामद हुआ है।

 


 

हादसा रविवार सुबह करीब 8 बजे जिले के थाना क्षेत्र में चरकड़ा गांव के पास हुआ। पुलिस के अनुसार नागौर से नोखा की ओर आ रही कार चरकड़ा गांव में एक बिजली के पोल से टकरा गई। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पैदल जा रहे चरकड़ा निवासी नारायण सिंह राजपूत (58) को चपेट में ले लिया। नारायण सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर के बाद कार पलट गई।

कार में ड्राइवर राजूराम (29) और रामसर निवासी लालचंद गोदारा सवार थे। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को नोखा जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान ड्राइवर राजूराम की भी मौत हो गई। लालचंद का इलाज जारी है।



घटना की सूचना मिलते ही नोखा पुलिस मौके पर पहुंची और कार की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार में 2-3 बोरे डोडा पोस्त भरा मिला। पुलिस ने मामला दर्ज कर बरामद मादक पदार्थ की जांच शुरू कर दी है।
दोनों मृतकों के शव नोखा जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए हैं। सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन अस्पताल पहुंचे। चरकड़ा सरपंच सवाई सिंह, मगनाराम केड़ली भी अस्पताल पहुंचे और शोक संतप्त परिवारों से मुलाकात की। बताया गया कि मृतक नारायण सिंह मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था।

FROM AROUND THE WEB