Movie prime

Bikaner Accident : दो ट्रकों में टक्कर हुई, ड्राइवर जिंदा जला, दो घायल

 

RNE Bikaner.

बीकानेर जिले के जामसर थाना क्षेत्र में बीकानेर-लूणकरणसर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-62) पर सोमवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में एक ट्रक चालक की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। हादसे के बाद दोनों ट्रकों में भीषण आग लग गई और हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस के अनुसार रात करीब एक बजे दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक ट्रक के केबिन में आग लग गई और चालक संदीप जयंत (36), निवासी सहारनपुर (उत्तर प्रदेश), केबिन में ही फंस गया। आग तेजी से फैलने के कारण उसे बाहर निकलने का मौका नहीं मिला और वह जिंदा जल गया। शव इतनी बुरी तरह झुलस गया कि केवल शरीर का कुछ हिस्सा ही सुरक्षित बच पाया।

ad

हादसे में संदीप के साथ ट्रक में मौजूद खलासी मोहम्मद इफहीम (40) समय रहते ट्रक से कूद गया, जिससे उसकी जान बच गई। वहीं दूसरे ट्रक का चालक दिनेश विश्नोई (33), निवासी पांचू (बीकानेर), भी घायल हो गया। दोनों घायलों को पहले लूणकरणसर अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद पीबीएम अस्पताल, बीकानेर रेफर कर दिया गया।

सूचना मिलते ही जामसर थाना पुलिस, फायर ब्रिगेड और बचाव दल मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हादसे में एक ट्रक पूरी तरह जलकर राख हो गया, जबकि दूसरे ट्रक के कुछ हिस्से को बचा लिया गया।

दुर्घटना के कारण कुछ समय तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बाधित रहा। क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने और आग बुझाने के बाद यातायात सामान्य कराया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

FROM AROUND THE WEB