Movie prime

Bikaner: एडीएम सिटी ऑफिस से भागते हुए खुद को लगाई आग, पुलिसकर्मियों ने बुझाई लपटें

गंभीर झुलसे युवक को पीबीएम ट्रॉमा सेंटर में भर्ती करवाया
 

RNE Bikaner.

बीकानेर में शुक्रवार को जिला पुलिस अधीक्षक (SP) कार्यालय के सामने उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवक ने आत्मदाह का प्रयास कर लिया। आग की लपटों में घिरे युवक को मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत बचा लिया और गंभीर हालत में उसे पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर भिजवाया गया।

जानकारी के अनुसार खाजूवाला क्षेत्र के 4 बीजीएम भागू गांव निवासी रामलाल पुत्र चेतनराम शुक्रवार को एडीएम सिटी कार्यालय के पास पहुंचा था। बताया जा रहा है कि वह किसी काम के सिलसिले में पिछले कई दिनों से कार्यालय के चक्कर लगा रहा था, लेकिन काम नहीं होने से परेशान था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक ने एडीएम सिटी कार्यालय के पास अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डाल लिया और वहां से भागते हुए एसपी कार्यालय के सामने पहुंचकर खुद को आग के हवाले कर दिया। अचानक हुई इस घटना से आसपास मौजूद लोगों और पुलिसकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई।

मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत आग बुझाई और गंभीर रूप से झुलसे युवक को पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।

पुलिस के अनुसार घायल युवक को चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है और घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि युवक प्रशासनिक कार्यालयों में अपने किसी काम को लेकर परेशान चल रहा था। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

अचानक मची अफरा-तफरी :
 

एसपी कार्यालय के सामने हुई इस घटना से कुछ देर के लिए पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें उठती देख पुलिसकर्मी और वहां मौजूद लोग तुरंत मौके की ओर दौड़े और आग बुझाकर युवक की जान बचाई।

FROM AROUND THE WEB