Bikaner Akhateej : बीकानेर मना रहा अपनी वर्षगांठ, 18 का सम्मान
RNE Bikaner.
बीकानेर शहर अपने स्थापना दिवस पर दो दिवसीय समारोह मना रहा है। आकाश में पतंगे उड़ रही हैं। घरों में खीचड़ा-ईमलाणी बन रही है। हर गली, मोहल्ले तक में खास आयोजन हो रहे है। इस बीच जिला प्रशासन एवं राव बीकाजी संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में बीकानेर के 539वें स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को मुख्य समारोह का भव्य आयोजन किया गया। राव बीकाजी संस्थान द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर बीकानेर का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने वाले 18 विशिष्ट व्यक्तित्वों एवं एक संस्था को सम्मानित किया गया।
18 विभूतियों को किया गया सम्मानित :
सम्मानित होने वालों में डॉ. सोनू शिवा को श्री करणी माता अवॉर्ड, वरिष्ठ पत्रकार रमेश महर्षि को राव बीदा अवार्ड, बृजमोहन आचार्य को राव बेलोजी पड़िहार अवार्ड, चित्रकार योगेंद्र कुमार पुरोहित को महाराजा अनूप सिंह अवार्ड, साहित्यकार एवं उदघोषक प्रमोद कुमार शर्मा को जनकवि बुलाकी दास बावरा गीतकार अवार्ड, साहित्यकार रवि शुक्ल को पंडित विद्याधर शास्त्री अवॉर्ड, मोटिवेशनल स्पीकर डॉ. चंद्रशेखर श्रीमाली को महाराजा रायसिंह अवार्ड,
रम्मत कलाकार कृष्ण कुमार बिस्सा को पीर गोविंददास अवॉर्ड, शिक्षाविद डॉ. मेघना शर्मा को राजमाता सुशीला कुमारी स्मृति अवार्ड, कवयित्री रजनी छाबड़ा, रफीक राजा और डॉ. बीबीएस कपूर को बीकाणा अवार्ड, निशानेबाज श्रद्धा सिंह परमार को महाराजा करणी सिंह अवार्ड, फोटो जर्नलिस्ट नौशाद अली को राव बीका अवार्ड, उद्योगपति विनोद बाफना को महाराजा गंगासिंह अवार्ड, रंगकर्मी रमेश शर्मा को अज़ीज़ आजाद स्मृति अवार्ड युवा साहित्यकार पुनीत रंगा को ठाकुर सूरजमाल सिंह चलकोई राजस्थानी प्रोत्साहन अवार्ड तथा ‘अपना घर आश्रम’ को देश दीवान राव दुलेसिंह बीदावत अवार्ड दिया गया।

विधायक व्यास, कलेक्टर-एसपी अतिथि :
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बीकानेर पश्चिम विधायक श्री जेठानंद व्यास उपस्थित रहे। उनके साथ संभागीय आयुक्त श्री विश्राम मीणा, महानिदेशक पुलिस श्री ओमप्रकाश, जिला कलेक्टर श्री निशांत जैन, पुलिस अधीक्षक श्री मृदुल कच्छावा, डॉ. सत्यप्रकाश आचार्य, राजवीर सिंह चलकोई एवं के.पी. सिंह सिसोदिया विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. गिरिजा शंकर शर्मा ने की, जबकि श्री विद्या सागर आचार्य की विशेष उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने बीकानेर के इतिहास को स्वर्णिम बताते हुए यहां की समृद्ध कला, संस्कृति, परंपराओं और रीति-रिवाजों की सराहना की। उन्होंने वर्तमान समय की चुनौतियों पर भी विचार व्यक्त करते हुए नागरिकों से अपील की कि वे बीकानेर के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

