Movie prime

Bikaner : चाइनीज मांझे से पिता के सामने 8 साल के बच्चे की गर्दन कटी

 
RNE Bikaner - Deshnok.
बीकानेर शहर के पास देशनोक में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया, जहां चाइनीज मांझे की चपेट में आने से 8 वर्षीय मासूम की मौत हो गई। बच्चा अपने परिवार के साथ बाइक पर सवार होकर बीकानेर आ रहा था। ओवरब्रिज से उतरते समय अचानक मांझा उसकी गर्दन में उलझ गया, जिससे गहरा कट लगने से उसकी हालत गंभीर हो गई। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार उदासर गांव निवासी विराट (8) पुत्र किशनलाल अपने माता-पिता और बहन के साथ शादी की खरीदारी के लिए बीकानेर जा रहा था। विराट बाइक पर आगे बैठा हुआ था। देशनोक ओवरब्रिज से नीचे उतरते वक्त अचानक चाइनीज मांझा उसकी गर्दन में फंस गया। मांझा इतना धारदार था कि बच्चे की गर्दन पर गहरा घाव हो गया और अत्यधिक रक्तस्राव शुरू हो गया।
घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों की मदद से परिजन उसे देशनोक के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी में माना जा रहा है कि गर्दन की मुख्य नस (केरोटेड आर्टरी) कटने से बच्चे की मौत हुई।
मृतक का परिवार ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करता है। एक ही पल में घर का इकलौता चिराग बुझ जाने से परिवार में कोहराम मच गया। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद एक बार फिर चाइनीज मांझे के उपयोग और बिक्री पर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रतिबंध के बावजूद यह खतरनाक मांझा बाजार में आसानी से उपलब्ध है, जो आम लोगों और पक्षियों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है।

FROM AROUND THE WEB