Movie prime

बीकानेर बंद : Bikaji के CMD "फन्ना बाबू" के निधन पर 24 अप्रैल को 02 बजे तक बीकानेर के बाजार बंद

 
RNE Bikaner.
बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल ने आपातकालीन मीटिंग कर निर्णय लिया है कि शुक्रवार को दोपहर 02 बजे तक शहर के बाजार बंद रहेंगे। यह निर्णय मंडल के पूर्व अध्यक्ष और बीकाजी ग्रुप के सीएमडी शिवरतन अग्रवाल ‘फन्ना बाबू’ का निधन होने पर लिया है।
व्यापार मंडल के अध्यक्ष जुगल राठी एवं सचिव संजय जैन सांड ने बयान जारी कर बताया है कि बीकानेर के व्यापार-उद्योग जगत के साथ ही सामाजिक सरोकारों के प्रति समर्पित रहे शिवरतन अग्रवाल को श्रद्धांजलि स्वरूप दोपहर 02 बजे तक बाजार बंद रहेंगे। बीकानेर के व्यापारियों, उद्यमियों के साथ ही विभिन्न वर्गों से जुड़े प्रतिनिधियों ने अग्रवाल के निधन पर शोक जताया है।
गौरतलब है कि नमकीन के क्षेत्र में दुनियाभर में अपनी खास पहचान बना चुके ब्रांड "Bikaji" के संस्थापक - मालिक शिवरतन अग्रवाल का आकस्मिक निधन हो गया। वे अपनी पत्नी का हार्ट का इलाज करवाने चेन्नई गए थे। पत्नी का इलाज हो गया और हालत ठीक बताई जा रही। आज सुबह चेन्नई से बीकानेर के लिए रवाना होने वाले थे। रात को सोये लेकिन सुबह उठे नहीं। परिजनों ने देखा तो उनके प्राण पखेरू उड़ चुके थे।
फन्नाबाबू नाम से विख्यात शिवरतन अग्रवाल की जितनी साख एक सफल उद्यमी के तौर पर थी उतनी ही सामाजिक सरोकारों से भी थी। "हल्दीराम" परिवार के इस सदस्य ने बीकानेर में अपने परिवार के साथ मिलकर हल्दीराम हार्ट हॉस्पिटल बनवाई। इस हॉस्पिटल के नियमित रख- रखाव में वे व्यक्तिगत रुचि लेते थे। इसके अलावा शिक्षा के क्षेत्र में लगातार काम करते रहे। स्कूलों को गोद लेने और उनकी स्थिति सुधारने का काम लंबे समय से कर रहे थे।

FROM AROUND THE WEB