RudraNewsExpress_Logo

Bikaner Bar Association : अधिवक्ताओं ने मिठाई बांटकर मनाया विजय दिवस, 5 सितम्बर से अदालतों में नियमित पैरवी शुरू होगी

 

Rudra News Express Bikaner. 

राजस्थान उच्च न्यायालय, जोधपुर द्वारा लक्षित प्रकरणों की कार्ययोजना को वापस लेने के लिए 2 सितम्बर को पत्र जारी किए जाने के बाद बीकानेर बार एसोसिएशन ने चार दिन से चल रहे अदालतों के बहिष्कार को समाप्त कर दिया। गुरुवार को अधिवक्ताओं ने मिठाई बांटकर इसे अपनी जीत बताते हुए विजय दिवस मनाया।

बार अध्यक्ष कार्यालय में बड़ी संख्या में अधिवक्ता एकत्रित हुए और एक-दूसरे को बधाई दी। वरिष्ठ अधिवक्ता गणेश चौधरी और नवनिर्वाचित बार कौंसिल सदस्य कुलदीप शर्मा ने बार अध्यक्ष अजय कुमार पुरोहित को मिठाई खिलाकर आंदोलन की सफलता पर बधाई दी।

बार अध्यक्ष अजय कुमार पुरोहित ने कहा कि अधिवक्ताओं ने एकजुट होकर यह साबित किया है कि जब अधिवक्ता अपने सम्मान, स्वतंत्रता, प्रभावी पैरवी और न्याय की गुणवत्ता के लिए सामूहिक रूप से आवाज उठाता है तो उसकी आवाज सुनी जाती है। उन्होंने कहा, “संघर्ष हमारा अधिकार है, एकता हमारी ताकत है और न्याय हमारी मंजिल है।”

पुरोहित ने आंदोलन में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी अधिवक्ताओं एवं अन्य सहयोगियों का आभार जताते हुए कहा कि यह विजय किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि बार के प्रत्येक अधिवक्ता की जीत है।

 5 सितम्बर से शुरू होगा नियमित अदालती काम : 

सभापति रामकृष्ण दास गुप्ता के मार्गदर्शन में आंदोलन समाप्त करने का निर्णय लिया गया। बार एसोसिएशन के अनुसार पिछले चार दिनों से कार्य स्थगित रहने के कारण अधिवक्ता गुरुवार को अदालतों में तत्काल नियमित पैरवी की तैयारी के साथ नहीं पहुंच सके। वहीं, 4 सितम्बर को जन्माष्टमी के अवसर पर अवकाश रहेगा।

ऐसे में बार एसोसिएशन ने आंदोलन समाप्त करते हुए सभी अधिवक्ताओं से 5 सितम्बर, शनिवार से विधिवत रूप से अदालती कार्य शुरू करने का आह्वान किया है। इस संबंध में सभी अदालतों को भी सूचना भेज दी गई है।

नई और पुरानी अदालत परिसर में बांटी मिठाई : 

विजय दिवस के अवसर पर सचिव हेमंत सिंह चौहान, उपाध्यक्ष लेखराम धतरवाल, रविकांत वर्मा, अनवर अली सैयद, कर्ण सिंह तंवर, संतनाथ योगी, सुरेंद्रपाल शर्मा, रघुवीर सिंह राठौड़, चतुर्भुज सारस्वत, भंवर बिश्नोई, हनुमान बिश्नोई, गणेश टांक और शकीना खान सहित पदाधिकारियों ने नई और पुरानी अदालत परिसर में अधिवक्ताओं को मिठाई वितरित की।

FROM AROUND THE WEB