RudraNewsExpress_Logo

Bikaner BJP : ये है भाजपा का चुनावी संकल्प-पत्र, जानिए किसने जारी किया, क्या कहा!

 

Rudra News Express Bikaner

 

निकाय चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने बीकानेर के विकास को लेकर अपना संकल्प-पत्र जारी कर दिया है। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी ने गुरुवार को बीकानेर दौरे के दौरान संकल्प-पत्र जारी करते हुए इसे शहर को स्वच्छ, सुरक्षित, आधुनिक और सुविधायुक्त बनाने का रोडमैप बताया।

 

द्विवेदी ने कहा कि संकल्प-पत्र तैयार करते समय समाज के सभी वर्गों की जरूरतों और सुविधाओं को ध्यान में रखा गया है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा बोर्ड बनने के बाद इन योजनाओं को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।

महिलाओं से लेकर खिलाड़ियों तक के लिए घोषणाएं

सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट, महिलाओं के लिए 2 हजार शौचालय, खिलाड़ियों के लिए इंडोर स्टेडियम, प्रमुख चौराहों का सौंदर्यकरण और सड़कों को एलईडी लाइटों से रोशन करने का वादा किया गया है। महिलाओं की सुविधा के लिए घरों तक पाइपलाइन के जरिए रसोई गैस कनेक्शन उपलब्ध कराने और शहर की सीवरेज व्यवस्था को दुरुस्त करने की बात भी संकल्प-पत्र में शामिल है।

पार्क, पशु केंद्र और भूमिगत बिजली लाइन

संकल्प-पत्र में स्वच्छता व्यवस्था मजबूत करने के साथ वरिष्ठ नागरिक सेवा केंद्र, पशुओं के लिए सेंट्रल हाउस, ‘लव-कुश वाटिका’ के तहत पार्कों का विकास और बिजली के तारों को भूमिगत करने जैसे प्रस्ताव भी शामिल हैं। भाजपा का कहना है कि इन योजनाओं का उद्देश्य शहरवासियों को बेहतर सुविधाएं, सुरक्षित माहौल और सुगम जीवन उपलब्ध कराना है।

युवाओं के मुद्दों पर लगातार काम  

हरीश द्विवेदी ने कहा कि केंद्र और राजस्थान की भाजपा सरकार के विकास कार्यों को लेकर पार्टी निकाय चुनाव में जनता के बीच जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा युवाओं को केवल राजनीतिक लाभ के लिए आगे नहीं बढ़ाती, बल्कि उनके मुद्दों और समस्याओं को समझकर समाधान की दिशा में काम करती है। उन्होंने दावा किया कि राजस्थान के सभी 10 नगर निगमों में भाजपा के बोर्ड बनेंगे और भाजपा की सरकार बनने के बाद विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।

कौन-कौन रहे मौजूद?

संकल्प-पत्र जारी करने के दौरान केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल, महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री कृपा शंकर सिंह, पूर्व राज्यसभा सांसद राजेंद्र गहलोत, प्रदेश महामंत्री मिथिलेश गौतम, प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच, बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानन्द व्यास, बीकानेर पूर्व विधायक सिद्धि कुमारी, शहर अध्यक्ष सुमन छाजेड़, देहात अध्यक्ष श्याम पंचारिया सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और नेता मौजूद रहे।

FROM AROUND THE WEB