Bikaner: बीजेपी की पंचायत चुनाव संचालन समिति मीटिंग में चुनावी रणनीति पर बात
Rudra News Express Bikaner.
पंचायत राज चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में गुरुवार को भाजपा संभाग कार्यालय में भाजपा बीकानेर देहात की पंचायत चुनाव संचालन समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता भाजपा देहात जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया ने की।
बैठक में संभाग चुनाव प्रभारी एवं किसान मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष कैलाश चौधरी, जोधपुर महापौर प्रसन्नचंद मेहता और पूर्व राज्यसभा सांसद राजेंद्र गहलोत ने कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारियों की समीक्षा की।
कैलाश चौधरी ने कहा कि बीकानेर जिले में पंचायत राज चुनाव पहले और दूसरे चरण में होने हैं। भाजपा पूरी तैयारी और संगठनात्मक समन्वय के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी जिताऊ और टिकाऊ प्रत्याशियों को अवसर देगी तथा सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर चुनाव लड़ेंगे।
चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार की ओर से किए गए विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर भाजपा कार्यकर्ता आमजन के बीच जाएंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि पंचायत समिति एवं जिला परिषद चुनावों में भाजपा को सफलता मिलेगी और प्रधान तथा जिला प्रमुख पदों पर भी भाजपा का परचम लहराएगा।
उन्होंने जिला कोर कमेटी, मंडल अध्यक्षों एवं प्रभारियों के साथ समन्वय कर पंचायत समिति एवं जिला परिषद प्रत्याशियों के तीन-तीन नामों का पैनल जल्द प्रदेश नेतृत्व को भेजने के निर्देश दिए।
संगठन की मजबूती को बताया चुनावी आधार :
प्रसन्नचंद मेहता ने कहा कि प्रदेश में भाजपा के पक्ष में सकारात्मक माहौल है। उन्होंने कहा कि पंचायत राज चुनावों में भाजपा बहुमत के साथ विजय प्राप्त करेगी और संगठन की मजबूती इसका आधार बनेगी।
पूर्व राज्यसभा सांसद राजेंद्र गहलोत ने कहा कि भाजपा का संगठन बूथ स्तर तक मजबूत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन की रीति-नीति के अनुरूप निष्ठा और समर्पण के साथ चुनावी कार्यों में जुटने का आह्वान किया।
देहात जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया ने कहा कि संगठन के सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता पंचायत राज चुनावों को लेकर सक्रियता से काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीतियों, सरकार की उपलब्धियों और कार्यकर्ताओं की मेहनत के आधार पर पार्टी चुनाव मैदान में उतरेगी।
कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद :
जिला मीडिया संयोजक मनीष सोनी ने बताया कि बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष बिहारीलाल विश्नोई, विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड अध्यक्ष रामगोपाल सुथार, जिला संगठन प्रभारी आत्माराम तरड़, पूर्व जिलाध्यक्ष जालम सिंह भाटी, विधायक विश्वनाथ मेघवाल, विधायक अंशुमान सिंह भाटी, जिला चुनाव प्रभारी महेंद्र सिंह सौढ़ी, रेवंत राजपुरोहित, महावीर सैनी, जिला महामंत्री दिलीप सिंह राजपुरोहित, तोलाराम कूकणा सहित पंचायत समिति चुनाव प्रभारी मौजूद रहे।

