Bikaner : एक ही चुन्नी से पेड़ पर लटका मिले युवक-युवती के शव
Rudra News Express.
बीकानेर जिले के श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक खेजड़ी के पेड़ से युवक और युवती के शव लटके मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। दोनों के शव एक ही चुन्नी से फंदे पर लटके मिले। घटना की सूचना मिलते ही सेरुणा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार घटना लिखमीसर दिखनादा गांव की रोही की है। सुबह राहगीरों ने पेड़ से दोनों के शव लटके देखे और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए।
सेरुणा थाना प्रभारी संध्या बिश्नोई ने बताया कि मृतक की पहचान कीतासर निवासी सुंदरलाल मेघवाल तथा मृतका की पहचान बंधवा गांव निवासी काली देवी के रूप में हुई है। दोनों श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के अलग-अलग गांवों के रहने वाले थे।
पुलिस ने दोनों शवों को नीचे उतरवाकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी भिजवा दिया है। परिजनों को सूचना दे दी गई है। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि दोनों ने किन परिस्थितियों में फंदा लगाया। मामले में सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

