Movie prime

Bikaner : साले ने तलवार से काट डाली जीजा की गर्दन, पहले बहू ने दी थी ससुर को धमकी

 

RNE Bikaner. 

बीकानेर में दिल दहला देने वालय हत्या की वारदात हुई है। यहां एक 28 वर्षीय युवक को सरेआम तलवार से काटकर मार दिया गया है। आरोप है कि हत्या करने वाला और कोई नहीं मृतक का साला है। इससे पहले मृतक की पत्नी की ओर से अपने ससुर को फोन करने की भी जानकारी सामने आई है। फोन पर ससुर से कहा गया,  “अपने बेटे को समझा लो, नहीं तो उसे छोड़ेंगे नहीं…” और  कुछ देर बाद यह धमकी हकीकत में बदल गई।

मामला बीकानेर शहर के मुक्ताप्रसाद थाना क्षेत्र का है। यहां पारिवारिक विवाद ने तब खौफनाक रूप ले लिया, जब साले ने अपने साथी के साथ मिलकर जीजा की तलवार से वार कर हत्या कर दी। घटना रामपुरा बस्ती की गली नंबर 7 में रात करीब 11 बजे की है।

पुलिस के अनुसार, मृतक जय सिंह (28) पुत्र राजेंद्र सिंह है। हत्या के मामले में मृतक के साले कपिल सिंह और एक अन्य युवक को डिटेन कर पूछताछ की जा रही है। मृतक के पिता राजेंद्र सिंह ने FIR में बताया कि बेटे और उसकी पत्नी कुंजिका के बीच पिछले दो साल से विवाद चल रहा था। 10 अप्रैल की रात 10:44 बजे बहू ने फोन कर धमकी दी थी— “अपने बेटे को समझा लो, नहीं तो उसे छोड़ेंगे नहीं।”

पिता के अनुसार, बेटे की तलाश में वे रामपुरा बस्ती स्थित शनि मंदिर के पास पहुंचे, जहां जय सिंह का साला कपिल सिंह और एक अन्य युवक उसके साथ मारपीट कर रहे थे। कपिल सिंह के हाथ में तलवार थी, जिससे उसने जय सिंह पर वार कर दिया। शोर मचाने पर आरोपी मौके से बाइक पर फरार हो गए। घायल जय सिंह को स्थानीय लोगों की मदद से PBM अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है। पुलिस ने एहतियात के तौर पर अतिरिक्त बल तैनात किया है। डीएसपी अनुज डाल के अनुसार, दंपती के बीच लंबे समय से चल रहे विवाद के चलते यह वारदात हुई है।

FROM AROUND THE WEB