RudraNewsExpress_Logo

Bikaner Bus Route Change: नोखा-नागौर की बसें अब रानी बाजार रोड नंबर-5 से गुजरेंगी, 23 अगस्त तक मांगी आपत्तियां

 

Rudra News Express Bikaner.

बीकानेर शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और रानी बाजार, गोगागेट व गंगाशहर रोड पर जाम का दबाव कम करने के लिए बीकानेर से नोखा-नागौर आने-जाने वाली बसों के रूट में बदलाव का प्रस्ताव तैयार किया गया है। प्रस्ताव के तहत इन बसों को रानी बाजार रोड नंबर-5 से होते हुए जैन कॉलेज चौराहा और नोखा रोड की ओर संचालित किया जाएगा।

यातायात शाखा के प्रभारी पुलिस निरीक्षक कानाराम ने बताया कि रानी बाजार क्षेत्र में आए दिन लगने वाले जाम और बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए नया रूट प्रस्तावित किया गया है। इसके लागू होने से हॉस्पिटल रोड, रानी बाजार चौराहा और गोगागेट सर्किल पर यातायात का दबाव कम होने की उम्मीद है।

ये है बसों का प्रस्तावित रूट :

बीकानेर से नोखा-नागौर जाने वाली बसों और अन्य मध्यम-भारी वाहनों को रानी बाजार ओवरब्रिज से चौपड़ा कटला, रानी बाजार रोड नंबर-5, सिनेमेजिक होते हुए जैन कॉलेज चौराहा और नोखा रोड की ओर निकाला जाएगा। आने वाले वाहनों के लिए भी इसी मार्ग का उपयोग प्रस्तावित है।

वहीं मध्यम और हल्के चार पहिया वाहनों को रानी बाजार ओवरब्रिज से मिलन स्वीट मोड़, अपेक्स हॉस्पिटल, रानी बाजार चौराहा और गोगागेट सर्किल होते हुए गंगाशहर रोड की तरफ संचालित करने का प्रस्ताव है।

जाम से राहत की उम्मीद :

यातायात शाखा का मानना है कि बसों और मध्यम-भारी वाहनों को रोड नंबर-5 के रास्ते नोखा रोड की ओर डायवर्ट करने से रानी बाजार और गोगागेट क्षेत्र में वाहनों का दबाव घटेगा। इससे इन प्रमुख मार्गों पर यातायात अधिक सुचारू हो सकेगा और आमजन को बार-बार लगने वाले जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।

23 अगस्त तक दे सकेंगे सुझाव :

प्रस्ताव पर आमजन से आपत्तियां और सुझाव मांगे गए हैं। किसी भी व्यक्ति को प्रस्तावित रूट पर आपत्ति या सुझाव देना है तो वह 23 अगस्त 2026 तक यातायात शाखा, बीकानेर में लिखित रूप में दर्ज करवा सकता है। प्राप्त आपत्तियों और सुझावों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

FROM AROUND THE WEB