बीकानेर निकाय चुनाव: नामांकन प्रक्रिया आज से शुरू, पांच स्थानों पर जमा होंगे पर्चे
RNE Bikaner
बीकानेर। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 को लेकर बीकानेर जिले में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं. राज्य निर्वाचन आयोग की लोक सूचना जारी होने के साथ ही गुरुवार, 27 अगस्त से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है. प्रत्याशी 31 अगस्त तक नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे. नामांकन पत्र सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3 बजे तक जमा किए जाएंगे.
बीकानेर नगर निगम के 80 वार्डों के लिए नामांकन पांच अलग-अलग स्थानों पर लिए जाएंगे. वार्ड 1 से 20 के लिए अतिरिक्त जिला कलेक्टर (शहर) कार्यालय, वार्ड 21 से 35 के लिए बीकानेर विकास प्राधिकरण के नए भवन, वार्ड 36 से 50 के लिए बीकानेर विकास प्राधिकरण के पुराने भवन, वार्ड 51 से 65 के लिए तहसील कार्यालय तथा वार्ड 66 से 80 के लिए सहायक कलेक्टर (शहर) कार्यालय में नामांकन जमा होंगे.
नामांकन प्रक्रिया के दौरान 28 अगस्त को रक्षाबंधन और 30 अगस्त को रविवार का अवकाश रहेगा. इसके चलते प्रत्याशियों के पास नामांकन दाखिल करने के लिए 27, 29 और 31 अगस्त को ही प्रभावी अवसर रहेंगे. नामांकन पत्रों की संवीक्षा 1 सितंबर को होगी, जबकि 3 सितंबर को दोपहर 3 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे. 4 सितंबर को चुनाव चिन्हों का आवंटन किया जाएगा.
मतदान की तारीखों में बदलाव
बीकानेर जिले के सात नगरीय निकायों में मतदान की तारीखों में हाल ही में बदलाव किया गया है. अब बीकानेर नगर निगम में 9 सितंबर को मतदान होगा, जबकि नोखा, श्रीडूंगरगढ़, देशनोक, नापासर, खाजूवाला और लूणकरणसर नगर पालिकाओं में 11 सितंबर को वोट डाले जाएंगे. पहले इन तारीखों का क्रम इसके उलट था.
मतदान का समय सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक रहेगा. जिले के सातों निकायों में मतदान के बाद 14 सितंबर को मतगणना होगी. बीकानेर जिले में कुल 6 लाख 45 हजार 15 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे.

