Bikaner कलेक्टर निशांत जैन ने कहा, बजट घोषणाओं का हो समयबद्ध क्रियान्वयन, समस्त पत्रावलियां ई-फ़ाइल के माध्यम से ही चलें
RNE, BIKANER.
जिला कलक्टर श्री निशान्त जैन ने सोमवार को 31 विभागों की 70 बजट घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने संपर्क पोर्टल के निस्तारित और लंबित प्रकरणों के बारे में जाना। साथ ही फ्लेगशिप योजनाओं के क्रियान्वयन का फीडबैक लिया। उन्होंने प्रत्येक विभाग को समस्त पत्रावलियां ई-डाक के माध्यम से संचालित करने के निर्देश भी दिए।
कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक के दौरान जिला कलक्टर ने कहा कि बजट घोषणाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। प्रत्येक विभाग के वरिष्ठ अधिकारी इसकी नियमित समीक्षा करें। आवश्यक होने पर विभागीय मुख्यालय से भी समन्वय रखें। उन्होंने कहा कि उच्च स्तर पर इनकी नियमित समीक्षा होती है। ऐसे में बजट घोषणाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता से लिया जाए। उन्होंने कहा कि निर्माण से जुड़ी घोषणाओं में गुणवत्ता का भी ध्यान रखा जाए। भूमि आवंटन से प्रकरणों के समयबद्ध निस्तारण के लिए कहा।
लंबित नहीं रहें, संपर्क पोर्टल पर दर्ज प्रकरण
जिला कलक्टर ने कहा कि संपर्क पोर्टल पर प्रकरण किसी स्थिति में लंबित नहीं रहे। यह सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी स्थिति में शिथिलता बर्दाश्त नहीं होगी। ऐसा करने वालों के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने प्रत्येक विभाग की प्रगति की समीक्षा की और 30 दिन से अधिक समय तक लंबित रहने वाले प्रकरणों को गंभीरता से लिया। उन्होंने तत्काल प्रकरणों को निस्तारित करने के निर्देश दिए और बताया कि इनकी पुनः समीक्षा की जाएगी। उन्होंने निस्तारण की अवधि न्यूनतम रखने के साथ संतुष्टि स्तर बढ़ाने के निर्देश दिए दिए और कहा कि प्रत्येक विभाग के जिला स्तरीय अधिकारी इस पर नियमित नजर रखे।
फ्लेगशिप योजनाओं की प्रगति के बारे में जाना..
बैठक के दौरान जिला कलक्टर ने विभिन्न विभागों की फ्लेगशिप योजनाओं की प्रगति जानी तथा कहा कि यह सभी सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाएं हैं। इनका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी विभागों द्वारा समस्त पत्रावलियां ई-डाक के माध्यम से भी संधारित की जाएं। इससे पारदर्शिता और समयबद्धता बनी रहेगी। उन्होंने कहा कि आगामी साप्ताहिक समीक्षा बैठक में इसका फीडबैक भी लिया जाएगा।
ये रहे मौजूद :
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) श्री उम्मेद सिंह रतनू, सहायक निदेशक (लोक सेवाएं) श्रीमती सुमन शर्मा, नगर निगम उपायुक्त श्री रणजीत बिजारणिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

